जौनपुर : संकट की इस घड़ी में असहायों की सेवा करना परम धर्म - जेसी सौरभ सेठ
जरूरतमंदों तक आवश्यक वस्तुएं पहुंचाएगी जेसीआई शाहगंज सिटी
संस्था ने जारी किये मोबाइल नम्बर 9616020062 एवं 9616743104, जरूरतमंद और दानदाता कर सकते हैं कॉल
शाहगंज।
ज़ेया अनवर
तहलका 24x7
कोरोना वायरस "कोविड 19" के संक्रमण को मात देने के लिए चल रहे देशव्यापी लॉकडाउन के बीच असहायों की मदद के लिए जेसीआई शाहगंज सिटी की टीम आगे आई है। टीम ने कुछ मोबाइल नम्बर जारी किए हैं, जिस पर सम्पर्क करके असहायों की मदद कराई जा सकती है। संस्था अनाज, सब्जी, नमक, मसाले और जीवनयापन के अन्य जरूरी सामानों को हलकान लोगों तक पहुँचाने की व्यवस्था में जुट गई है।
अध्यक्ष जेसी सौरभ सेठ ने बताया कि कोरोना वायरस (कोविड 19) वैश्विक महामारी की वजह से जारी देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से तमाम परिवारों के सामने जीवनयापन की समस्या खड़ी हो गई है। इसमें अधिकांश दिहाड़ी मजदूर, ठेले खोमचे और रिक्शा वाले शामिल हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे बुजुर्ग भी हैं जिनके बच्चे परदेस या महानगरों में कमाते हैं और यहां मौजूद नहीं हैं। इस मुसीबत के वक़्त में उनकी सहायता के लिए संस्था सामने आई है। संस्था द्वारा सोशल मीडिया के जरिये कुछ मोबाइल नम्बर सार्वजनिक किए गए हैं जिस पर फोन करके मदद हासिल की जा सकती है या फिर किसी असहाय को मदद दिलवाई भी जा सकती है।
संस्था के जन सम्पर्क अधिकारी जेसी दीपक सिंह ने बताया कि संस्था ने जरूरत की सामग्री जैसे अनाज, नमक, मसाला, जरूरी सब्जियां आदि की व्यवस्था करना शुरू कर दिया है ताकि इन्हें जरूरत पड़ने पर वितरित किया जा सके। वितरण के दौरान एहतियातन सोशल डिस्टेंसिंग पर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा और वितरण टीम के साथी मास्क, ग्लव्स आदि से सुसज्जित रहेंगे ताकि किसी तरह के संक्रमण का खतरा न रहे। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने देश के नाम सम्बोधन में जागरूक नागरिकों को आस पास के असहायों की मदद करने की अपील की थी। अगर कोई नागरिक सहायता करना चाहे तो वो भी संस्था के माध्यम से इस पुनीत कार्य का हिस्सा ले सकता है।


Comments
Post a Comment