जौनपुर : कलश और नारी दोनों शक्ति का स्वरूप - वशिष्ठ चतुर्वेदी
खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24x7
क्षेत्र अंतर्गत पटैला बाजार के समीप स्थित श्री मंदिर पर आयोजित पांच दिवसीय मानस कथा व विश्व कल्याणर्थम रुद्र महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। 108 कन्याओ ने मंदिर प्रांगण स्थित तालाब से पवित्र जल लेकर कलश यात्रा का पूरे गांव का भ्रमण किया। यज्ञाचार्य पंडित वशिष्ठ चतुर्वेदी जी महराज ने वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया। उसके बाद यात्रा निकाली गई।
श्री महराज ने कहा कि कलश में जल के देवता भगवान वरुण के साथ साथ सभी दैवीय शक्तियों का वास होता है। जब यह कलश नारी के सिर पर विद्यमान होता है तो उसकी शक्ति और धार्मिक महत्ता कई गुना और बढ़ जाती है। नारी खुद दैवीय शक्ति का प्रतीक है। जब वह कलश भी अपने साथ ले लेती है तो दोनों शक्तियां मिलकर एक हो जाती हैं। जिनका श्रद्धा भाव से दर्शन मात्र से मानव के दोष दूर हो जाते है। कलश यात्रा में शामिल होने मात्र से कई तीर्थो का फल मिल जाता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान तन, मन और अंतःकरण में अपने ईष्ट का स्मरण करते हुए पग आगे बढ़ाते रहना चाहिए।
श्री शास्त्री जी महराज ने कहा कि कलश यात्रा एक महान धार्मिक उत्सव होने के साथ साथ आगे होने वाले किसी धार्मिक कार्यक्रम का पूर्व संदेश भी देता है। कार्यक्रम के आयोजक व मुख्य यजमान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डा. सूर्यभान यादव ने बताया कि कथा वाचक आचार्य पंडित राहुल पाण्डेय परासर जी महाराज की अमृतवाणी मे आज से ही पांच दिवसीय मानस कथा का शुभारंभ हो जायेगा। कलश यात्रा में हरीलाल यादव, बाबा राजनाथ, खेताऊ देवी, डा. शिवांगी यादव, दिनेश, शिवकुमार, राकेश मिश्र, अजय शास्त्री आदि शामिल रहे।

Comments
Post a Comment