जौनपुर : शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी सहित पौने चार लाख के गहने बरामद
खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24x7
क्षेत्र अंतर्गत शाहगंज मार्ग स्थित एक मकान में किराएदार बनकर रह रहे शातिर चोर द्वारा मकान मालिक के घर से ही नकदी सहित लाखों के गहने चुराकर ले भागने के मामले का पुलिस ने सप्ताह के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर घटना का पटाक्षेप कर दिया गया। उसके पास से 75 हजार नकदी सहित तीन लाख के जेवर भी बरामद कर लिया गया।
मंलवार को थाना परिसर में पत्र प्रतिनिधियों के बीच घटना का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज जितेन्द्र दूबे ने बताया कि बक्सा थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव निवासी आरोपित अशोक कुमार गुप्ता स्थानीय कैराडीह गांव निवासी संजय यादव के मकान में किराए पर रह रहा था। बीते 17 फरवरी की रात वह गृहस्वामी के घर में रखी आलमारी तोड़ उसमें रखा लाखों के गहने व नकदी पार कर दिया था। मामले में उसके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी हुई थी।
उन्होने बताया कि सोमवार की सायं मुखबिर ने थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा को बताया कि आरोपित अशोक कहीं भागने के फिराक में तिघरा मोड़ पर सवारी गाड़ी का इंतजार कर रहा है। थानाध्यक्ष ने उपनिरीक्षक नान्हू यादव, हेड कांस्टेबल त्रिगुण कुमार और सुदर्शन यादव के साथ टीम बना घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के 75 हजार नकदी, सोने का मांगटीका, नथिया, दो जोड़ा झुमका, अंगूठी, कान का टप, लाकेट, तीन जोड़ी पायल, तोड़ा, बिछुआ और चांदी की प्लेट बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपित को चलान न्यायालय भेज दिया गया।

Comments
Post a Comment