जौनपुर : जिसने गरीबों की वेदना को पढ़ लिया उसने वेद पढ़ लिया - प्रो. डॉ राजाराम यादव
मानवता की सेवा करना जेसीआई एवं राष्ट्रीय सेवा योजना का मिशन - राकेश यादव
जेसीआई शाहगंज संस्कार व फरीदुलहक मेमोरियल डिग्री कालेज के संयुक्त तत्वावधान में बापू बाजार आयोजित
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर गुरुवार को जेसीआई शाहगंज संस्कार व फरीदुलहक मेमोरियल डिग्री कालेज के संयुक्त तत्वावधान में बापू बाजार का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ राजाराम यादव ने फीता काटकर बापू बाजार का शुभारंभ किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना का झंडा रोहण, जेसी आस्था पाठ के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. राजाराम ने कहा कि जिसने गरीबों की वेदना को पढ़ लिया उसने वेद पढ़ लिया। गरीब व असहाय लोगों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची उपासना है। बापू बाजार से प्रभावित होकर डॉ राजाराम यादव ने कहा कि बापू बाजार का सफल आयोजन आप सभी के महीनों की मेहनत बयां कर रहा है। मानवता के प्रति जेसीआई शाहगंज संस्कार व राष्ट्रीय सेवा योजना के लगन को देखकर आभास हो रहा है कि समाज बेहतर दिशा में जा रहा है।
वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक राकेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि जेसीआई शाहगंज संस्कार व राष्ट्रीय सेवा योजना का मिशन एक ही है वह है मानवता की सेवा करना। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ तबरेज आलम ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के अंतिम पायदान के लोगों के मदद के लिए बापू बाजार में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने स्वामी विवेकानंद, सायना नेहवाल, इंदिरा गांधी, सर सैय्यद अहमद, प्रो. सुन्दर लाल, मेजर ध्यान चन्द्र, कल्पना चावला, वीर अब्दुल हमीद, सुनीता विलियम्स, भगत सिंह, सरोजनी नायडू एवं रविन्द्र नाथ टैगोर जैसे महापुरुषों के नाम से दुकानें लगाकर बाजार में चार चांद लगा दिया है। बाजार में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने नए एवं पुराने कपड़े, जूते, चप्पल, खिलौने, चादर, कम्बल व सब्जी की सस्ते दर की दुकानें लगाई है।
भारी संख्या में ग्रामीण जरूरतमंदों ने पहुंचकर खरीदारी की। कार्यक्रम का संचालन सर सैय्यद अहमद इन्टर कालेज के प्रधानाचार्य मो. शाहिद नईम ने किया। अंत में संस्था के पूर्व अध्यक्ष जेसी पंकज सिंह ने आगंतुकों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुल सचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एमके सिंह, संस्था के अध्यक्ष जेसी एखलाक खान, गुलाम साबिर, नीरज सिंह, क्षेमेन्द्र सिंह, इरफान खान, अब्दुल्लाह एडवोकट, राजेश चौबे, डा. अतुल यादव, शाहिद अंसारी, विनायक, जीतेंद्र, साकिब, तारिक समेत भारी संख्या में लोग रहे।




Comments
Post a Comment