जौनपुर : शाहगंज में भारत बंद का दिखा असर, भीम सेना का प्रदर्शन
शाहगंज।
ज़ेया अनवर
तहलका 24x7
सीएए और एनआरसी के विरोध में बुधवार को शाहगंज में भारत बंद का असर दिखा। वहीं बहुजन क्रांति मोर्चा व भीम सेना के लोगों ने खुटहन तिराहे विरोध प्रदर्शन किया। रेलवे स्टेशन पर विरोध के मद्देनजर आरपीएफ जवानों ने ट्रेनों और स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
नगर के गुप्ता गली, यराकियाना, हयात मार्केट, चूड़ी मोहल्ला, घास मण्डी, हुसैनी कटरा, श्रीरामपुर, मुख्य मार्ग पर विरोध में अल्पसंख्यक समुदाय के व्यापारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह से बंद रखी। विरोध प्रदर्शन का आभास होने पर कोतवाली पुलिस पूरी रात विपक्ष के नेताओं पर शिकंजा कसने की कवायद में जुटी रही। लेकिन बुधवार दोपहर बहुजन क्रांति मोर्चा व भीम सेना के लोगों ने डा. इंद्रजीत भंडारी के नेतृत्व में खुटहन तिराहे पर सड़क जाम करके धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया।
एक घंटे तक चले प्रदर्शन में पहुंचे उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र दुबे ने पहुंचकर प्रदर्शन समाप्त कराया। एसडीएम ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को लिखित आश्वासन दिया कि हर प्रकार की पहचान के प्रमाण से नागरिकता साबित होगी। वहीं भारत बंद को लेकर रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता रही। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में जवानों ने पूरे दिन आने जाने वाली ट्रेनों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। स्टेशन पर पूरे दिन चौकसी रही।


Comments
Post a Comment