जौनपुर : छात्रों के बिना विद्यालय की कल्पना नहीं की जा सकती - डॉ. राजेन्द्र सिंह
पाँच दिवसीय सेवारत शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24x7
परिषदीय विद्यालयों में नवाचारों के द्वारा आधुनिक व तकनीकी शिक्षा का विकास हो रहा है लेकिन इसके लिए छात्रों का होना बेहद जरूरी है। छात्रों के अभाव में विद्यालय की कल्पना नहीं की जा सकती है। उक्त सब बातें निष्ठा प्रशिक्षण उद्घाटन समारोह के अवसर पर कस्बा के उत्तरी छोर पर स्थित आदर्श भारती विद्यापीठ संस्कृत महाविद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी/ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेन्द्र सिंह ने कही।
उन्होंने बताया कि जनपद जौनपुर के शिक्षकों के अन्दर असीम ऊर्जा व प्रतिभायें विद्यमान हैं। जिसका उदाहरण है प्रदेश के 100 उत्कृष्ट विद्यालयों में से 18 विद्यालय जनपद जौनपुर के ही हैं। कार्यक्रम के संयोजक खण्ड शिक्षा अधिकारी शाहगंज राजीव कुमार यादव ने कार्यक्रम के आये हुए मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि शाहगंज विकास खण्ड के शिक्षकों द्वारा अभिनव प्रयोग करते हुए जनपद में कीर्तिमान स्थापित करने का कार्य किया गया है। शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हमें तन, मन व धन तथा पूरी ऊर्जा व निष्ठा के साथ विद्यालय में समर्पित होकर कार्य करना होगा।
उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सर्वोदय इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि आजकल शिक्षा व्यवस्था में बोझ हावी होता जा रहा है। जो शिक्षक पढ़ा रहे है उसे रोचकता के साथ पढ़ाएं। प्रशिक्षण देने का कार्य संजय सिंह, जयप्रकाश नारायण, संतोष कुमार व सुशील कुमार ने किया। इस मौके पर अशोक कुमार मौर्या, प्राचार्य विनय कुमार सिंह, प्रधानाचार्या सुनीता मिश्रा, उमाशंकर यादव, सुरेश मौर्य, मोहम्मद मुस्तफा, धर्मेंद्र सिंह व उमेश पाठक सहित 150 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सभाजीत यादव ने किया।
इस अवसर पर शिक्षक डॉ. अमलेंद्र कुमार गुप्ता, मो. आरिफ, सतीश कुमार पाठक, संजय कुमार सिंह, जय प्रकाश, नारायण, सुशील कुमार सिंह, शैलेन्द्र सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।।


Comments
Post a Comment