जौनपुर : अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया सीज
खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24x7
गोरारी रेलवे क्रासिंग के समीप एक झोलाछाप डाक्टर द्वारा चलाए जा रहे अवैध क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को सीज कर दिया। टीम पहुंचने से पहले डाक्टर फरार हो गया था। सीएमओ के इस कार्रवाई से झोलाछाप डाक्टरों में हड़कंप मचा है।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अक्खनसराय निवासी सुभाष प्रजापति पिछले कई वर्षो से गोरारी रेलवे क्रासिंग के पास अवैध रूप से अपना क्लीनिक चला रहा था। विभागीय अधिकारियों से बचने के लिए इस झोलाछाप डाक्टर ने क्लीनिक पर कोई बोर्ड भी नहीं लगाया था। शिकायत पर दोपहर बाद सीएमओ डा. रामजी पाण्डेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले भनक लगने पर झोलाछाप डाक्टर क्लीनिक से फरार हो गया। क्लीनिक में ताला लगाकर सीज करने के बाद टीम वापस चली गयी। क्लीनिक सीज करने का कारण बताने में टीम कतराती रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम के अनुसार सीएमओ के निर्देश पर क्लीनिक सीज किया गया है।
जबकि चर्चा है कि कुछ दिन पूर्व एक गांव में परिजनों को भोजन में नींद की दवा खिलाकर प्रेमी युगल फरार हो गये थे। कहा जा रहा है कि नींद की गोलियां इसी झोलाछाप डाक्टर ने फरार युवती के प्रेमी को दिया था। टीम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.आरके सिंह, पीएचसी सोंधी के चिकित्साधिकारी डा.मसूद खान, सुधीर अस्थाना, विनोद मौर्या आदि रहे।

Comments
Post a Comment