जौनपुर : पैमाइश के बाद भी नहीं हटा नौ एकड़ पोखरे की भूमि से अवैध कब्जा
ढाई माह से पैमाइश कराने के बाद तहसील प्रशासन ने साध रखी है रहस्यमयी चुप्पी
जौनपुर।
तहलका 24x7
जनपद की तहसील केराकत अंतर्गत ब्राह्मणपुर गांव की लगभग नौ एकड़ ग्राम समाज पोखरे की भूमि से पैमाइश करने के दो माह बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। पैमाइश कराने के बाद तहसील प्रशासन ने रहस्यमयी चुप्पी साध रखी है। जबकि ग्रामीणों ने गत 16 अगस्त को तत्कालीन एडीएम वित्त व राजस्व आरपी मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। जिस पर एडीएम के निर्देश पर तहसील प्रशासन टीम गठित कर उक्त भूमि की पैमाइश भी करा चुका है। बावजूद इसके अभी तक अतिक्रमण हटाने का कार्य तहसील प्रशासन द्वारा नहीं किया गया है। सरकार द्वारा भले ही सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का फरमान जारी किया गया हो। लेकिन जिम्मेदारी उसकी मंशा पूरा करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ब्राह्मणपुर गांव में ग्राम समाज की लगभग नौ एकड़ भूमि है, जो सोनहवा पोखरा के नाम से जाना जाता है। इस भूमि में तालाब व जंगली पेड़ लगे हुए हैं। वहीं ग्रामीणों द्वारा बनवाया गया हनुमान गढ़ी मंदिर भी है। लेकिन इस भूभाग की लगभग आधी जमीन पर दबंगों का कब्जा है।
दबंगों द्वारा इसका व्यावसायिक और रिहायशी के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी शिकायत कपिलदेव सिंह, सर्वजीत सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, कैलाशनाथ सिंह, विजय बहादुर सिंह, समर बहादुर सिंह, यशवंत सिंह, भानु प्रताप सिंह, जनार्दन सिंह, अखिलेश सिंह, सुनील सिंह आदि ग्रामीणों ने गत 16 अगस्त को तत्कालीन एडीएम वित्त व राजस्व आरपी मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर उक्त भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी। जिस पर तत्कालीन एडीएम वित्त व राजस्व ने एसडीएम केराकत को पत्र भेजकर उक्त भूमि से अवैध कब्जा हटावाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद तहसील प्रशासन टीम गठित कर 25 अगस्त को उसकी पैमाइश कराई। लेकिन अभी तक उक्त भूमि से कब्जा नहीं हटाया गया है।

Comments
Post a Comment