जौनपुर : पोखरे की भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए राजस्व टीम ने किया पैमाइश
ग्रामीणों के शिकायती पत्र पर प्रशासन ने पैमाइश के लिए गठित की राजस्व टीम
केराकत।
तहलका 24x7
तहसील क्षेत्र अंतर्गत डोभी ब्लाक के ब्राह्मणपुर गांव स्थित सोनहवा पोखरे की भूमि पर हुए अवैध कब्जा को हटाने के लिए राजस्व टीम ने रविवार को पैमाइश किया। राजस्व टीम द्वारा अपनी रिपोर्ट तहसीलदार को सौपी जाएगी। जिसके बाद उक्त भूमि पर हुए अवैध कब्जा को हटवाने का कार्य किया जाएगा। ग्रामीणों ने गत 16 अगस्त को एडीएम वित्त व राजस्व आरपी मिश्र को शिकायती पत्र सौप कर उक्त पोखरे की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की थी। जिसको गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने एसडीएम केराकत को पत्र भेजकर उक्त पोखरे की भूमि से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था।
ब्राह्मणपुर गांव में ग्राम सभा की लगभग नौ एकड़ भूमि , जो सोनहवा पोखरा के नाम जाना जाता है। इस भूमि में तालाब व जंगली पेड़ लगे हुए हैं। ग्रामीणों द्वारा बनवाया गया हनुमान गढ़ी मंदिर भी है। लेकिन इस भूभाग की लगभग आधी जमीन दबंगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। दबंगों द्वारा इसका उपयोग व्यावसायिक व रिहायशी के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी शिकायत कपिलदेव सिंह, सर्वजीत सिंह, कैलाशनाथ सिंह, इन्द्र बहादुर सिंह, रामरुप सिंह, यशवंत सिंह, भानु प्रताप सिंह, जनार्दन सिंह, अखिलेश सिंह, इंद्रसेन सिंह, जगदीश सिंह, दिनेश सिंह, समरबहादुर सिंह, विजय बहादुर सिंह, सुनील सिंह, रामआसरे सिंह व राजू सिंह आदि ग्रामीणों ने 16 अगस्त को एडीएम वित्त व राजस्व आरपी मिश्र से की थी। जिसको गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने एसडीएम को पत्र भेजकर उक्त भूमि की पैमाइश कर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। जिसके क्रम में तहसील प्रशासन ने राजस्व टीम गठित कर रविवार को उक्त पोखरे की पैमाइश कराया। एसडीएम ने बताया कि राजस्व टीम ने पोखरे की पैमाइश कर ली है। उसके द्वारा रिपोर्ट मिलने के बाद उक्त भूमि से अवैध कब्जा हटाने का कार्य किया जाएगा। राजस्व टीम में लेखपाल विनय कुमार, संतोष गिरी व नवनीत सिंह आदि रहे।

Comments
Post a Comment