जौनपुर : बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है आधी कटी सड़क, प्रशासन अनभिज्ञ

जौनपुर : बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है आधी कटी सड़क, प्रशासन अनभिज्ञ


जान जोखिम में डालकर आधी सड़क पर राहगीर चलने को मजबूर 


खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24x7
                      पिलकिछा से पट्टीनरेंद्रपुर रोड स्थित गायत्रीनगर बाजार के भूखल के पोखरा के पास बीते दिनों भारी बारिश की वजह से आधी सड़क कटकर बह गई है। सड़क पर करीब दस फिट का गहरा गड्ढा बन गया है। इसके चंद क़दमो की दूरी पर पटरी किनारे भी एक विशाल गड्ढा है। जिस कारण इस सड़क पर चलने वाले राहगीरों के जानमाल का खतरा पैदा हो गया है। प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर राहगीर चलने को मजबूर हैं। इसके बावजूद प्रशासन के जिम्मेदार अफसरान आम जनमानस से जुड़ी इस बड़ी समस्या से मुंह फेरे हुए हैं। लोग इसे प्रशासन का गैर जिम्मेदाराना रवैया बता रहे है।


बताते चलें कि गत 10 से 14 जुलाई तक हुई तूफानी बारिश से उक्त स्थान पर सड़क बीच से कट गई थी। किन्तु विभाग के अधिकारियों ने गड्ढा पाटने के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नही उठाया। यह सड़क चन्द कदम दूर दो जनपद की सीमाओं को जोड़ती है। इस रोड से साइकिल, दो पहिया या चार पहिया वाहन सवारों का बिजेठुआ धाम, पट्टी नरेंद्रपुर, सुइथाकलां, सुल्तानपुर, प्रयागराज एंव जनपद मुख्यालय के लिए आवागमन होता है। जुलाई माह में विद्यालय खुलने पर स्कूली बस, साईकिल पर सवार छात्र छात्राएं जान जोखिम में डालकर विद्यालय आते जाते है। लेकिन उदासीन विभाग को तब तक अनभिज्ञ बना रहेगा जबतक कोई बड़ी दुर्घटना न घट जाए।

गायत्रीनगर बाजार वासी ज्ञान सिंह, राजेश सिंह, विजय तिवारी, मनोज गुप्ता, संजय सिंह आदि लोगो ने सड़क पर विशाल गड्ढ़े को जन समस्या से जुड़ा मसला बताया तथा कार्यो के प्रति उदासीनता बरतने पर पीडब्ल्यूडी विभाग को लापरवाह बताया। लोगों ने विभाग को चेतावनी दी कि जिम्मेदार अतिशीघ्र गड्ढ़े को पाटने का जतन करें अन्यथा ग्रामीण सहित बाजारवासी आंदोलन को बाध्य होंगे।

Comments