जौनपुर : युवक का खेत में मिला शव, क्षेत्र में मची सनसनी

जौनपुर : युवक का खेत में मिला शव, क्षेत्र में मची सनसनी 


लेने निकला था अपने पिता की तेरहवीं के लिए सामान, दूसरे दिन खेत में मिला उसका शव


शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
                कोतवाली क्षेत्र के पट्टी चकेसर गांव में शनिवार की सुबह बाजरे के खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान गांव निवासी मनोज चौहान पुत्र सीताराम के रुप में किया। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मृतक मनोज चौहान के पिता सीताराम की हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। जिनका बुधवार को शुद्धक व शुक्रवार को तेरहवीं का कार्यक्रम था। जिसके लिए मनोज शुक्रवार की सुबह को घर से साईकिल लेकर तेरहवीं के सामान की खरीदारी करने की बात कहकर निकला जो देर शाम तक वापस नहीं लौटा। देर शाम को परिजन उसकी तलाश में लगे रहे। शनिवार की सुबह गांव निवासी रमापति चौहान खेत की तरफ गए जहां राम पलट चौहान के खेत में शव देखकर गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। घर से आठ सौ मीटर दूर खेत में पड़े शव को परिजन घर लेकर पहुंचे तो कोहराम मच गया। मृतक के गले पर फंदे का निशान, हाथ की उंगलियों में लगी चोटों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हत्यारों से अपनी जान बचाने के लिए वह काफी जोर आजमाइश किया होगा। हत्यारे उसकी कहीं और दूसरी जगह हत्या करके शव को खेत में फेंक दिए हो। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जिला मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कई नमूने लिए खोजी कुत्ता शौर्य घटनास्थल से मृतक के गमछे की गन्ध लेकर एक किलोमीटर दूर गांव के चौराहे तक पहुंचा जहां एक चाउमीन की दुकान पर जाकर ठिठक गया। पुलिस दुकान संचालक दिलीप बिंद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। घटना के बाद मृतक की साईकिल पुलिस बरामद नही कर सकी। मृतक चार भाई बहनों में दूसरे नंबर पर था। जो घर पर रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मौत से दादा तेलू चौहान, मां चंद्रावती देवी, पत्नी रूषा व भाई सुनील, सोनू का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के दो बच्चे मोहित (8) व नंदिनी (5) हैं।

Comments