जौनपुर : जालसाजों ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से उड़ाये बाइस हजार
खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24x7
क्षेत्र के पट्टी नरेन्द्रपुर मार्ग पर स्थित बैंक आफ इंडिया के एटीएम मे जालसाजों ने एटीएम कार्ड की हेराफेरी कर सफाईकर्मी के खाते से 22 हजार उड़ा दिया। मिस्ड काल अलर्ट न होने से खाताधारक को इसकी जानकारी चौथे दिन मंगलवार को तब हुई जब वह बैंक शाखा से पैसे निकालने गया। पीड़ित के द्वारा मामले की तहरीर थाने पर दी गई है।
खुटहन गांव निवासी रामलवट यादव ब्लाक मुख्यालय पर सफाई कर्मी के पद पर तैनात है। उसका यूबीआई की शाखा तिघरा मे खाता है। जिससे एटीएम कार्ड भी जारी कराया गया है। वह शनिवार को पैसा निकालने के लिए उक्त एटीएम मशीन के केबिन में घुसा। वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात युवक पैसा निकालने मे उनकी मदद करने लगा। इसी बीच डायल करते उसने गुप्त कोड भी देख लिया। सहयोग का दिखावा करते उसने धोखे से एटीएम कार्ड बदल लिया। दूसरे कार्ड से कई बार प्रयास करता रहा। बाद मे उसने मशीन मे पैसा न होने की बात कहकर रामलवट को वापस भेज दिया। दो दिनों में तीन बार मे उसके खाते से 22 हजार रूपये निकाल लिए गये। जिसकी जानकारी पीड़ित को तब हुई जब वह खाते से पैसा निकालने के लिए बैंक शाखा पहुंचा। जहाँ उसे खाते मे एक भी रूपये न होने की जानकारी होते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गयी। जांच की गयी तो खाते से तीन बार मे 22 हजार निकाल लिया गया था।

Comments
Post a Comment