जौनपुर : चिकित्सालय में संविदा पर तैनात सर्जन को फोन पर मिली धमकी

जौनपुर : चिकित्सालय में संविदा पर तैनात सर्जन को फोन पर मिली धमकी



शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा 
तहलका 24x7  
                      सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर तैनात सर्जन डा. अभिषेक रावत को मोबाइल पर धमकी मिली है। चिकित्सक ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर जान माल के सुरक्षा की गुहार लगायी है। धमकी के मामले को अवैध नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिकंजा कसे जाने से तिलमिलाहट का नतीजा माना जा रहा है।

अक्खन सराय निवासी डा. अभिषेक रावत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर सर्जन के पद पर तैनात हैं। मंगलवार को वह अपने चैंबर में थे उनके पास अवैध नर्सिंग होमो की जांच के लिए जिला मुख्यालय से आए डिप्टी सीएमओ डीपी यादव भी बैठे थे। इसी बीच चिकित्सक के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा में बातचीत करते हुए गंभीर नतीजा भुगतने की धमकी दी गई। चिकित्सक के मुताबिक धमकी देने वाला अवैध नर्सिंग होम का संचालक बताया गया। जिसे इस बात का शक है कि नर्सिंग होम के खिलाफ जो कार्रवाई हो रही है उसमें चिकित्सक का कहीं न कहीं से हस्तक्षेप है।

फिलहाल मोबाइल पर धमकी मिलने के बाद चिकित्सकों ने बैठक कर मामले को गंभीर बताते हुए घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को देने का फैसला लिया गया। इसके बाद डा. रावत ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।‌ इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Comments