जौनपुर : लैब टेक्नीशियन हत्याकाण्ड ! बेटे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने किया तीन बदमाशों पर मुकदमा दर्ज

जौनपुर : लैब टेक्नीशियन हत्याकाण्ड ! बेटे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने किया तीन बदमाशों पर मुकदमा दर्ज 


पूरी रात कोतवाली पुलिस देती रही दबिश, कप्तान ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जल्द ही खुलासे का दिया आश्वासन  



शाहगंज। 
रवि शंकर वर्मा 
तहलका 24x7 
                     स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय के स्टाफ क्वाटर में रविवार की देर रात बेखौफ बदमाशों द्वारा लैब टेक्नीशियन अजय कुमार की हत्या कर घर में लूटपाट करने से प्रशासनिक अमला समेत स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा रहा। इस मामले में सोमवार को पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मृतक के पुत्र रणविजय की तहरीर पर कोतवाली पुलिस तीन नामजद बदमाशों के विरुद्ध हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी रही।


घटना के बाद आवासीय परिसर में रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के हत्थे चढ़े बदमाश से कोतवाली पुलिस दूसरे दिन सोमवार पूछताछ में जुटी रही। पुलिस की दो टीमें बदमाशों  की धर-पकड़ में लगी हैं। चार संदिग्धों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद देर रात पौने बारह बजे पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामजी पाण्डेय ने घटना को लेकर दुःख जताया। सीएमओ ने कहा शाहगंज चिकित्सालय जनपद के मुख्य केन्द्र पर है। इस तरह की घटना का पुलिस प्रशासन पर्दाफाश नही करती तो अस्पताल बंद करने को मजबूर होना पड़ेगा। घटना से कर्मचारियों व चिकित्सकों में भय का माहौल व्याप्त है। साढ़े बारह बजे रात में पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय देर रात तक अस्पताल में डटे रहे अपने मातहतों को दिशा निर्देश देते हुए स्वास्थ्य कर्मियों से भी पूछताछ की। 


डाग स्क्वायड बादल ने घटनास्थल से दुर्गंध लेकर अस्पताल से सड़क पार करके रेलवे माल गोदाम पर जाकर ठहर गया। राम अवतार गिरी के नेतृत्व में पहुंची फारेंसिक जांच टीम ने महत्वपूर्ण नमूने कब्जे में लिए।  सोमवार को पहुंचे पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाने पहुंचे एसपी ने मौके से पकड़े गये बदमाश से भी पूछताछ की। घटना के बाद पुलिस द्वारा मृतक के आवास की तफ्तीश में देशी व अंगेजी शराब की खाली शीशियां, नमकीन, सिगरेट के जले टुकड़े व कुछ आपत्तिजनक वस्तुओं के मिलने पर अंदाजा लगाया जाता है कि बदमाशों का लैब टेक्नीशियन से गहरा संबंध रहा। साथ में शराब का दौर चला। इसी बीच नीयत खराब होने पर बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया होगा। जिसका विरोध करने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी गयी। फिलहाल मृतक के पुत्र रणविजय की तहरीर पर पुलिस ने बुलेट गौतम पुत्र बसंतलाल निवासी कोरवलिया भादी, सेन्ट थामस रोड, महताब पुत्र जहूर निवासी मोहल्ला हुसैनगंज, व रोहित सेठ पुत्र भगौती सेठ निवासी ताखा पूरब शाहगंज के विरुद्ध लूट, हत्या व अनुसूचित जाति नृसंस्ता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया।


Comments