जौनपुर : सुविधा शुल्क की शर्त पर प्रायोजित ख़बरों का चलन जोरों पर

जौनपुर : सुविधा शुल्क की शर्त पर प्रायोजित ख़बरों का चलन जोरों पर


खबरों को चटख बनाने के लिए कुछ खबर -नवीस कराते हैं प्रायोजित प्रदर्शन



केराकत।
संजय शुक्ल
तहलका 24x7
                     अपनी मांगों को मनवाने के लिए तहसील प्रशासन पर दबाव बनाने हेतु प्रायोजित प्रदर्शन का चलन इधर कुछ दिनों से क्षेत्र में तेजी से बढ़ा है। अनेक स्थानीय पत्रकारों की शह पर लोग आये दिन भीड़ में एसडीएम कार्यालय पर पहुंचते हैं और हाथ खड़ाकर फ़ोटो खिंचाते हैं। खबर को चटख बनाने के लिए उक्त पत्रकारों को सुविधा शुल्क देकर रवाना हो जाते हैं। इस ड्रामेबाजी को पब्लिक और प्रशासन के लोग भी जानते हैं लेकिन कोई कुछ भी करे "उनसे क्या मतलब" की नीति पर वे चुप रहते हैं। हाल यह है कि ऐसा ही शायद कोई दिन बीतता होगा जिस दिन यह ड्रामा न होता हो।



मंगलवार को दो गांवों डोभी ब्लाक के चिटकों और केराकत ब्लाक के सेनापुर गांव के अनेक लोगों ने पत्रकारों से सेटिंग कर बारी बारी से भीड़ लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और हाथ खड़ा कर फ़ोटो खिंचवाया। चिटकों गांव के लोग रास्ता खुलवाने तथा सेनापुर गांव के लोग सरकारी आवास और शौचालय की मांग कर रहे हैं।

मीडिया के सामने एसडीएम राकेश कुमार ने दोनों गांवों के नागरिकों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस ड्रामेबाजी से नागरिक भी खुश और पत्रकार भी खुश। नागरिक इसलिए कि साहब ने उन्हें आश्वासन दिया और पत्रकार इसलिए कि उन्हें भी छापने के लिए एक खबर सुविधा शुल्क के साथ मिल गई। जब सामाजिक सरोकार रखने वालों का ही नैतिक पतन गया है तो सब कुछ राम भरोसे छोड़ना ही हितकर है।  





Comments