जौनपुर : प्रशासन चिर निद्रा से आया बाहर, सड़क चौड़ीकरण व नाली निर्माण में बाधक बने चबूतरे व मकान को कराया ध्वस्त

जौनपुर : प्रशासन चिर निद्रा से आया बाहर, सड़क चौड़ीकरण व नाली निर्माण में बाधक बने चबूतरे व मकान को कराया ध्वस्त


डेढ़ वर्ष से ज्यादा समय व्यतीत, मुख्य मार्ग पर महज 800 मीटर सड़क व नाली निर्माण अभी तक अधूरा


बरसात से पहले काम पूरा न होने पर ठेकेदार पर की जाएगी कार्यवाई - राजेश वर्मा


समय रहते नहीं चेते तो समूचा नगर मानसून आने पर झील में होगा तब्दील




शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
                     स्थानीय मुख्यमार्ग निवासियों के सहनशीलता की दाद देनी होगी कि डेढ़ वर्ष से सड़क चौड़ीकरण का दंश झेल रहे हैं। जाम, धूल मिट्टी व नाली निर्माण के लिए रोकी गयी नालियों की भयंकर सड़ांध को सहते हुए डेढ़ वर्ष बीत गये लेकिन उफ्फ्फ कहने वाला कोई नहीं...
बहरहाल सामने बारिश आने वाली है तो स्थानीय प्रशासन अपनी चिर निद्रा से बाहर आया। बुधवार को प्रशासनिक अमला बचे खुचे अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त  करने पहुंच गया। मुख्य मार्ग चौड़ीकरण के लिए उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने नाली निर्माण में बाधक बन रहे चबूतरे व मकान को ध्वस्त कराया। जेसीज चौक से नूर मस्जिद तक अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से तोड़ा गया।



बताते चलें कि गत दिसम्बर 2017 में सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर के मुख्य मार्ग पर मकानों को तोड़ने की मुनादी की गयी थी। जिसपर काफी संख्या में मकान स्वामियों ने अपना मकान स्वयं से तोड़ दिया था। कुछ मकानों व दुकानों को प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर तोड़ने की कार्यवाही की गयी थी। लेकिन निर्माण कार्य में लोक निर्माण विभाग के लचर रवैये के चलते स्थानीय प्रशासन को नागरिकों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी थी। लोक निर्माण विभाग द्वारा डेढ़ वर्ष से हो रहे सड़क व नाली निर्माण को अभी तक पूरा नहीं किया जा सका। जेसीज चौक से नूर मस्जिद तक जगह जगह छोड़ कर किया गया नाली निर्माण जल निकासी के लिए बेमानी साबित हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम ने अभियान चलाकर शेष बचे अतिक्रमण को ध्वस्त कराकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अतिशीघ्र नाली निर्माण का काम पूरा करने का निर्देश दिया। फिलहाल लम्बे समय से मुख्य मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य से जहां रोजाना पूरे पूरे दिन भीषण जाम की समस्या बनी है। वहीं व्यापार पूरी तरह से चौपट होने पर लोक निर्माण विभाग व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ लोगों में नाराज़गी भी है।



उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम को सामने देखते हुए काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। बरसात से पहले काम पूरा न होने पर ठेकेदार पर कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार को चेतावनी दी गयी है। अब यह देखना होगा कि बारिश से पहले निर्माण पूरा होता है कि नहीं ?






Comments