जौनपुर : साथी की पिटाई के बाद अवैध वेण्डर हुए लामबंद

जौनपुर : साथी की पिटाई के बाद अवैध वेण्डर हुए लामबंद


लगाया आरपीएफ व जीआरपी पर अवैध धन उगाही का आरोप


अवैध वेण्डरों के खिलाफ कार्रवाई के कारण अवैध वेण्डर लगा रहे है बेबुनियाद आरोप - संदीप यादव 


शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा 
तहलका 24x7 
                       स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की दोपहर एक अवैध वेण्डर को आरपीएफ के जवान द्वारा पिटाई किए जाने के बाद साथी वेण्डर लामबंद हो गए। उनका कहना है कि अवैध धन उगाही के भरोसे वह स्टेशन से अपने परिवार की जीविका चलाने की जद्दोजेहद करते हैं। अपनी कमाई से हिस्सा देने के बावजूद भी उत्पीड़न किया जाता है।

सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर बोतल बंद पानी बेच रहे एक अवैध वेंडर को आरपीएफ के जवान ने पीट दिया। पिटाई के बाद उसे आरपीएफ की चौकी पर ले जाकर बैठा लिया गया। आरोप है कि पिटाई के बाद भी उससे सुविधा शुल्क लेकर छोड़ दिया गया। वेण्डर की पिटाई की सूचना के बाद उसके साथियों में रोष व्याप्त हो गया। वेंडर लामबंद हो गए और आरपीएफ जीआरपी के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करने लगे। उनका कहना था कि आरपीएफ व जीआरपी अवैध धन उगाही भी करती है। समय समय पर अपना कोटा पूरा करने के लिए चालान भी काटती है और आयेदिन उत्पीड़न भी किया जाता है। बताते हैं कि 60 हजार से लेकर 80 हजार रुपए तक अवैध वेण्डरों के ठेकेदारों से लिया जाता है। फिलहाल अवैध वेण्डरों में रोष व्याप्त है।

उक्त आशय पर पूछे जाने पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव ने धन उगाही के आरोप को एक सिरे से नकारते हुए कहा कि अवैध वेण्डरों के खिलाफ कार्रवाई के कारण अवैध वेण्डर बौखलाहट में आरोप प्रत्यारोप पर उतर आए हैं।

Comments