नई दिल्ली : सबका साथ - सबका विकास विचारधारा के बलबूते मिला पूर्ण विश्वास - मोदी
देश के सभी वर्ग के नागरिकों ने भर दी फकीर की झोली - मोदी
नई दिल्ली।
स्पेशल डेस्क
तहलका 24x7
लोकसभा चुनाव के परिणाम में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद गुरुवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी दफ्तर पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उनका स्वागत किया। लोकसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत को मोदी ने सबसे बड़ी लोकतांत्रिक घटना बताया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भारत में दो ही जातियां रहेंगी। एक गरीब और दूसरी गरीबी हटाने वाली।
मोदी ने कहा, "भारत के उज्ज्वल भविष्य, एकता-अखंडता के लिए जनता ने इन चुनाव में एक नई तस्वीर सामने रखी है। सारे समाजशास्त्रियों को अपनी सोच पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है। अब इस देश में दो जातियां बची हैं और वही रहने वाली हैं। देश इन दो जातियों पर ही केंद्रित होने वाला है। ये जाति के नाम पर खेल खेलने वालों पर बहुत बड़ा प्रहार हुआ है।हमें 21वीं सदी में इन दोनों को सशक्त करना है। ये दो शक्तियां देश से गरीबी का कलंक मिटा सकती हैं। इस सपने को लेकर हमें चलना है।''
"बदइरादे - बदनीयत से नहीं करूंगा कोई काम"
मोदी ने कहा, "एनडीए के साथियों ने जो समर्थन दिया है, मेहनत की है। मैं जरूर कहना चाहूंगा। इसे मेरा वादा, संकल्प, समर्पण मानिए। आपने फिर से जो मुझे काम दिया है आने वाले दिनों में मैं बदइरादे और बदनीयत से कोई काम नहीं करूंगा। मैं मेरे लिए कुछ नहीं करूंगा। तीसरी बात सार्वजनिक रूप से कहना चाहूंगा कि मेरे समय का पल-पल, मेरे शरीर का कण-कण सिर्फ और सिर्फ देशवासियों के लिए है। मेरे देशवासी आप जब भी मेरा मूल्यांकन करें इन तीन तराजुओं पर मुझे कसते रहना। कभी कोई कमी रह जाए तो कोसते रहना।''
''देश के नागरिकों ने फकीर की झोली भर दी''
प्रधानमंत्रीने कहा, ''2019 में हम जनता के पास नए जनादेश के लिए गए थे। देश के नागरिकों ने फकीर की झोली को भर दिया। मैं भारत के 130 करोड़ नागरिकों का सिर झुकाकर नमन करता हूं। 2019 के मतदान का जो आंकड़ा है, वह लोकतांत्रिक विश्व की सबसे बड़ी घटना है। देश आजाद हुआ, इतने लोकसभा चुनाव हुए, लेकिन आजादी के बाद सबसे अधिक मतदान 2019 के चुनाव में हुआ। यह मतदान भी 40-42 डिग्री गर्मी के बीच में हुआ। पूरे विश्व को भारत की लोकतांत्रिक शक्ति को पहचाना होगा।''
"मोदी ने चुनाव आयोग, सुरक्षा बलों को दी बधाई"
प्रधानमंत्री ने कहा, "इस लोकतंत्र के उत्सव में जिन-जिन लोगों ने बलिदान दिया है, जो घायल हुए हैं उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाए हैं। लोकतंत्र के लिए ये बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। मैं चुनाव आयोग, सुरक्षाबलों को लोकतंत्र के उत्सव की व्यवस्था संवारने वाले हर व्यक्ति को बधाई देता हूं। लोकतंत्र में विश्वास बढ़ाने और उत्तम तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए बधाई देता हूं।''
"यह मोदी की लोकप्रियता की विजय" - शाह
इससे पहले शाह ने लोकसभा चुनाव में मिली जीत को मोदी की लोकप्रियता की विजय बताया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा,"यह जीत भाजपा की मोदी सरकार की है, जिसने 2014 से लेकर 2019 तक सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम किया। 5 साल में मोदी सरकार ने देश के 28 करोड़ गरीब परिवारों के जीवन स्तर को उठाने के लिए काम किया। उन्होंने कहा, "बंगाल के अंदर इतने अत्याचार और जुर्म के बाद भी 18 सीटें भाजपा की जीत ये बताता है कि आने वाले दिनों में पूरे बंगाल में अपना वर्चस्व कायम करेगी।''
यह भाजपा के 11 करोड़ कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत - शाह
शाह ने कहा आज देश के अंदर सबसे ऐतिहासिक विजय भाजपा को मिली है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है। इस जीत के लिए मैं सबसे पहले भाजपा की ओर से सवा सौ करोड़ जनता का धन्यवाद करता हूं और अभिनंदन करता हूं। यह देश की जनता की विजय है। यह विजय भाजपा के 11 करोड़ कार्यकर्ताओं के परिश्रम की है।
"यह सबका साथ -सबका विकास विचारधारा की विजय" - शाह
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "ये विपक्षी की पराजय और भाजपा की प्रचंड विजय है। यह टुकड़े-टुकड़े गैंग की विचारधारा लेकर चलने वाली पार्टियों के खिलाफ मोदीजी की सबका साथ-सबका विकास की विजय है। जब राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव हुए थे, तब मैंने कार्यकर्ताओं से कहा था कि कांग्रेस जीती जरूर है, लेकिन भाजपा हारी नहीं है। इन राज्यों की 65 लोकसभा सीटों में से 63 सीटें भाजपा ने जीती हैं, इसके लिए कार्यकर्ताओं को बधाई।''

Comments
Post a Comment