जौनपुर : पुलिस अभिरक्षा में ट्रेन द्वारा औरैया से मऊ जा रहा हत्यारोपी हथकड़ी व रस्सी सहित फरार
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
पुलिस अभिरक्षा में ट्रेन द्वारा औरैया से मऊ जा रहा हत्यारोपी स्थानीय स्टेशन पर मौका देख हथकड़ी व रस्सी सहित फरार हो गया। हत्यारोपी के फरार होते ही जवानों के होश उड़ गये। जवान अपने थाने को घटना की सूचना देकर हत्यारोपी की तलाश में जुटे है।
सूत्रों के मुताबिक औरैया निवासी रिंकू यादव पुत्र प्रताप सिंह यादव पर औरैया थाने पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। जिसमें वह फरार चल रहा था। हत्यारोपी को मऊ जनपद की पुलिस ने एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट की धारा में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मऊ में गिरफ्तारी की जानकारी होने पर औरैया पुलिस ने न्यायालय से वारंट बी के आधार पर पेशी के लिए आरोपी को तलब किया। उप निरीक्षक जमुना प्रसाद त्रिपाठी तीन हमराही सिपाहियों के साथ आरोपी को लेकर औरैया न्यायालय में पेश करने के बाद पुनः मऊ ले जाने के लिए आनंद विहार मऊ एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार हुए। आरोप है कि मंगलवार की भोर में ट्रेन शाहगंज पहुंची जहां इंजन बदलने के लिए ट्रेन का तीस मिनट का ठहराव है। जिसमें आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर दोनों जवानों को चकमा देते हुए हथकड़ी व रस्सी के साथ फरार हो गया। आरोपी के फरार होते ही जवानों के होश उड़ गये। जवान अपने थाने को घटना की सूचना देकर आरोपी की तलाश में खाक छानने को मजबूर हैं।
मामले में पूछे जाने पर जीआरपी चौकी प्रभारी अयोध्या प्रसाद ने बताया कि बुधवार सायं उप निरीक्षक मुकदमा पंजीकृत कराने के लिए प्रार्थना दिये थे। लेकिन सिपाहियों को हाजिर कराने व असलहा जमा करने की बात पर आश्वासन देकर गये तो वापस नही लौटे। चौकी प्रभारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना कहीं और की लगती है।

Comments
Post a Comment