जौनपुर : सुविधा शुल्क की बदौलत चलते हैं अवैध वेण्डर, "तहलका 24x7" के कैमरे ने उगला राज...
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक का अवैध धन उगाही न करने का दावा फेल !
रवि शंकर वर्मा एवं फूल कुमार प्रजापति की स्पेशल रिपोर्ट
शाहगंज।
तहलका 24x7
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जहां एक तरफ अवैध वेंडरों के खिलाफ आरपीएफ इंस्पेक्टर ने अभियान चला रखा है। उनके द्वारा अवैध वेंडरों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही से खलबली मची है तो वहीं दूसरी तरफ आरपीएफ के जवान अवैध वेंडरों से सुविधा शुल्क लेने में तल्लीन हैं। सवाल यह उठता है कि आखिरकार आरपीएफ के जवान किसके शह पर अवैध वेण्डरों से धन उगाही कर रहे हैं ? सोमवार को आरपीएफ के जवानों द्वारा अवैध वेण्डरों से धन उगाही की तस्वीर "तहलका 24x7" के कैमरों में कैद हुई।
सोमवार की पूर्वाह्न शाहगंज स्टेशन के प्लेटफार्म न.3 पर आजमगढ़ जाने वाली ट्रेन कैफियात एक्सप्रेस के समीप से एक आरपीएफ सिपाही ने प्लेटफॉर्म न.1 पर मौजूद अवैध वेंडरों को सुविधा शुल्क का इशारा करते हुए कहा कि बिना शोर गुल किये धीरे से माल बेच लो बस इतने में वेंडरों के चेहरे पर रौनक आ गयी। फिर क्या था अवैध वेण्डर शाहगंज से खोरासन रोड तक बिक्री करते चले गए लेकिन इस बीच स्लीपर बोगियों में आरपीएफ के दो सिपाहियों ने अवैध वेंडरों से धन उगाही करने के लिए सघन गस्त करना शुरू कर दिया। अंदर बाहर जो वेंडर मिला सेटिंग करते रहे उक्त सिपाही पुनः खोरासन रोड से मुम्बई जाने वाली गोदान ट्रेन से वापस शाहगंज के लिए रवाना हो गए। इस दौरान दोनों आरपीएफ कांस्टेबल अपनी नेमप्लेट भी नही लगाए थे।
सबसे खास बात है कि आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव बड़ी मुस्तैदी से सुरक्षा को लेकर अवैध लोगों की धड़ पकड़ कर कागजी कार्यवाई कर रहे है। परंतु आरपीएफ सिपाही ही रेल नियमों का पलीता लगा रहे हैं। आखिरकार आरपीएफ के जवान किसके शह पर अवैध वेण्डरों से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं ? सवाल उठना लाजमी है।
बताते चलें कि शाहगंज रेलवे स्टेशन पर दो वर्ष पूर्व अवैध वेंडरों पर निवर्तमान सब इंस्पेक्टर ए पी सिंह ने कार्यवाही की थी तो अवैध वेंडरों ने उन पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। इस दुस्साहसिक घटना को रेल महकमा ने बड़ी गंभीरता से लिया था और शाहगंज स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट को आरपीएफ थाना बना दिया। घटना के लगभग एक वर्ष तक अवैध वेण्डर स्थानीय स्टेशन का रास्ता भूल गए थे। लगभग एक वर्ष से पुन: स्थानीय रेलवे स्टेशन पर अवैध वेण्डरों का जमावड़ा हो गया। शाहगंज स्टेशन से अवैध वेंडरों का वर्चस्व खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं आरपीएफ द्वारा अवैध वेण्डरों के खिलाफ बड़ी सख्ती से धर पकड़ अभियान भी चलाया जा रहा है। जो हाथी के दांत सरीखा प्रतीत हो रहा है।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आये दिन जहरखुरानी के शिकार भी मिल रहे हैं जिसे लेकर रेल यात्री दहशत में है जहरखुरानी गिरोहों पर आरपीएफ व जीआरपी पुलिस अंकुश लगाने में विफल है।





Comments
Post a Comment