जौनपुर : दो यात्री हुए जहरखुरानी का शिकार, 10 हजार नकदी समेत मोबाइल एवं दो बैग जहरखुरानों ने किया पार

जौनपुर : दो यात्री हुए जहरखुरानी का शिकार, 10 हजार नकदी समेत मोबाइल एवं दो बैग जहरखुरानों ने किया पार 



शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
             कमाकर घर लौट रहे दो यात्रियों को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। दोनों को उपचार के लिए जीआरपी ने स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के रौनापार अराजी बसवरिया गांव निवासी तिलकधारी यादव (50) पुत्र रामदेव यादव गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से कमाकर अपने घर लौट रहे थे। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उतरकर प्लेटफार्म नम्बर चार पर उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। जहां जहरखुरानों ने नशीला पावडर सुंघा दिया। बेहोश होने पर पास में रखा दस हजार नकदी समेत मोबाइल और दो बैग लेकर फरार हो गए। दूसरी ओर लुधियाना से कमाकर फिरोजपुर धनबाद एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौट रहे आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलवंत गांव निवासी इन्द्रसेन (36) पुत्र रामलखन ट्रेन लेट होने की वजह से रेलवे स्टेशन पर तकरीबन बारह बजे रात में उतरा। जहां  जहरखुरानों ने दोस्ती गांठ कर नशीले पदार्थ का सेवन कराकर सारा सामान लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने यात्रियों को उपचार हेतु पुरुष चिकित्सालय लाये। जहां डाक्टरों द्वारा इलाज के दौरान हालत गम्भीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यात्रियों की जेब से मिली डायरी से उनकी पहचान होने पर घटना की सूचना परिजनों को दी गयी।

Comments