जौनपुर : दशहरा के बाद हटाया जाएगा अतिक्रमण, मेले के मद्देनजर प्रशासन का फैसला

जौनपुर : दशहरा के बाद हटाया जाएगा अतिक्रमण, मेले के मद्देनजर प्रशासन का फैसला



डीएम के आदेशानुसार 29 सितम्बर को होनी थी कार्रवाई, सड़क के बीच से 6 मीटर के दायरे में मौजूद निर्माण पर होनी थी कार्रवाई

शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
                          मुख्यमार्ग पर चौड़ीकरण समेत नाली व पटरी निर्माण में रोड़ा बन रहे भवनों और निर्माणों पर 29 सितम्बर को होने वाली कार्रवाई फिलहाल टल गयी है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में हुई बैठक में फैसला किया गया कि प्रस्तावित कार्रवाई अब दशहरा और भरत मिलाप मेले के बाद की जाएगी ताकि ऐतिहासिक मेले के आयोजन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। हालांकि इस फैसले के पीछे बड़ी वजह आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध न होना भी है ।

बताते चलें कि नगर में बीते गुरुवार यानी 27 सितम्बर को लाउडस्पीकर से मुनादी हुई। इसमें जिलाधिकारी के हवाले से मुख्यमार्ग की सड़क के बीच से 6 मीटर के दायरे में आने वाले निर्माण को गिरा देने का निर्देश दिया गया और ऐसा न होने पर 29 सितम्बर को प्रशासन द्वारा निर्माण ध्वस्त किये जाने की चेतावनी प्रसारित की गई। इस ऐलान के बाद से ही नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। नाली, पटरी और सड़क निर्माण न हो पाने से दिक्कत झेल रहे लोगों को उम्मीद दिखाई दी, तो वहीं अब तक चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण न हटाने वाले लोगों में खलबली मच गयी। मसले की संवेदनशीलता का अंदाज़ा प्रशासन को भी भरपूर था, इसलिए शुक्रवार की रात जिलाधिकारी ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक में इस मसले पर मंत्रणा किया।

"तहलका 24x7 न्यूज़" को मिली जानकारी के मुताबिक प्रशासनिक अधिकारियों ने बेहद नज़दीक आ चुके ऐतिहासिक दशहरा मेले की बात रखी, जबकि पुलिस अधिकारियों ने पर्याप्त पुलिस और पीएससी बल उपलब्ध न होने की दलील दी। नतीजा ये हुआ कि जिलाधिकारी ने कार्रवाई को मेले तक स्थगित करने का आदेश सुनाया। "तहलका 24x7 न्यूज़"  से बातचीत के दौरान उक्त बैठक में उपस्थित रहे उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि फिलहाल मेले तक नगर में प्रशासन की तरफ से न तो कोई तोड़फोड़ की जाएगी, ना ही नाली और पटरी से संबंधित कोई नया निर्माण कराया जाएगा। ताकि रामलीला, दुर्गा पूजा, दशहरा और भरत मिलाप में कोई व्यवधान न आये।

Comments