जौनपुर : "पुलिस की पाठशाला" में छात्र छात्राओं को अपराध की आहट के लिए किया गया जागरूक
सर्वोदय इण्टर कालेज में स्काउट गाइड प्रथम व द्वितीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान "पुलिस की पाठशाला" का हुआ आयोजन
जौनपुर।
फूल कुमार प्रजापति
तहलका 24x7
जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वोदय इण्टर कालेज खुदौली के प्रांगण में बुधवार की पूर्वाह्न "पुलिस की पाठशाला" का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा वर्ग को अपने आसपास घटने वाले अपराध के आहट के प्रति जागरूक होना होगा। जिस दिन युवा वर्ग सतर्क मोड में आ जाएगा उसी दिन से अपराध का ग्राफ धरातल पर आ जाएगा। एक समाचार पत्र के तत्वावधान में आयोजित इस "पुलिस की पाठशाला" कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपने उद्बोधन को जारी रखते हुए कहा कि आज समाज से पुलिस को गालियां मिल रही है उसका कारण है कि पुलिस के प्रति जनता में अविश्वास है। पुलिस को अपने कार्यशैली में बदलाव कर अविश्वास को विश्वास में बदलना होगा। तभी गालियों से तालियाँ का सफर तय होगा। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि पुलिस को भी जनता के सहयोग की जरूरत है जिसके लिए हर थाना क्षेत्र के सम्मानित लोगों, समाज सेवियों, छात्रों व प्रबुद्ध जनों को व्हाट्स-एप के माध्यम से जोड़ा जायेगा जिससे किसी भी समस्या को जानने का सीधे मौका मिलेगा तथा उसका निस्तारण समय से हो सकेगा।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने छात्रों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि "कौन कहता है कि आसमां में सुराख नही हो सकता,
कोई एक पत्थर तबियत से उछालो यारों" उन्होंने कहा कि सभी छात्र मेहनत से शिक्षा ग्रहण करें इन्ही के बीच से ही डाक्टर, इंजीनियर व अधिकारी निकलते है। वहीं सीओ सिटी नृपेन्द्र ने अपने उद्बोधन में छात्रों को साइबर क्राइम से जुड़ी बातें व उनसे बचने के लिए महत्वपूर्ण बातें बताई।उन्होंने बताया कि लोगों को स्मार्टफोन चलाते समय काफी सावधानी बरतनी चाहिए। फेसबुक पर जरूरी डॉक्युमेंट्स को अपलोड नहीं करना चाहिए, फेसबुक को पूरी सिक्युरिटी के साथ प्रयोग करना चाहिए। आन लाइन पर्चेचिंग करते समय व एटीएम कार्ड के इस्तेमाल पर चौकन्ना रहना चाहिए। साइबर अपराध करने वाले लोग अक्सर बैंककर्मी बन फोन कर आपका एटीएम कार्ड नंबर व कोड मांगते है तो उन्हें किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दे। क्योंकि किसी भी बैंक द्वारा इस प्रकार की इंक्वायरी मोबाइल या फोन से नहीं की जाती है। ऐसे लिंक न खोले जिसमे ताला बना हो।
वहीं क्षेत्राधिकारी अजय श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में किसी घटना के घटने पर कुछ लोग ही पुलिस का घोर विरोध करते है हालांकि ऐसे विरोधियों की संख्या कम होती है लेकिन उन्हीं विरोधियों के बहकावे में आकर अन्य लोग भी उग्र हो जाते है। उस वक्त पुलिसिंग में व्यवधान उत्पन्न होता है जिसके समाधान के लिए पुलिस स्थानीय सम्भ्रान्तजनों, प्रबुद्धजनों का सहयोग ले मामले का निस्तारण करते हैं। आप सभी लोगों से अपील है कि सकारात्मक रवैया के साथ पुलिस की मदद कर अपराध मुक्त समाज बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। वहीं प्रभारी महिला थानाध्यक्ष ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार उपाध्याय ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ कमलेन्द्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर राजेश यादव, एनसीसी एसोसिएट अफसर विनोद मिश्रा, प्रधानाचार्या सुनीता मिश्रा, विभा पांडेय, जौनपुर माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, प्रधानाचार्य ईश्वर लाल यादव, जिला मंत्री रमाशंकर पाठक, गिरजा शंकर यादव, अनुराग यादव, वीरेंद्र श्रीवास्तव, अभिलाष यादव, रेखा यादव, प्रीती सिंह, स्काउट प्रशिक्षक दीपक बरनवाल, गाइड कैप्टन दीपिका सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।



Comments
Post a Comment