जौनपुर : "तहलका 24×7 न्यूज़" की खबर का असर

जौनपुर : "तहलका 24×7 न्यूज़" की खबर का असर



मानकों को ताक पर रखने वाले चार गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लटकी कार्रवाई की तलवार


जांच में फेल हुए विद्यालयों को एसडीएम ने जारी किया कारण बताओ नोटिस


शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
                                         कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों... मशहूर कवि दुष्यंत कुमार की ये पंक्तियां मानकों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से चलाये जा रहे विद्यालयों के खिलाफ "तहलका 24×7 न्यूज़" की मुहिम पर अक्षरशः सटीक बैठती हैं । हमारी खबर का असर यूँ है कि क्षेत्र के चार विद्यालयों को जांच में मानक विहीन और गैर मान्यता प्राप्त पाया गया। अब उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने उक्त विद्यालयों को नोटिस जारी कर पूछा है कि उन पर कार्रवाई क्यों न की जाए ? स्पष्टीकरण के लिए विद्यालयों को 10 दिन की मोहलत भी दी गयी है और कोई जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

गौरतलब है कि "तहलका 24×7 न्यूज़" ने बीती 29 जुलाई को "धड़ल्ले से चल रहे मानक विहीन विद्यालय, मूक बधिर प्रशासन ने रेवड़ी की तर्ज पर बांट दी मान्यता" शीर्षक से एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में क्षेत्र के तमाम विद्यालयों में मानकों और नियमों की अनदेखी का मामला तफसील से उजागर किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने खबर को संज्ञान में लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की, जिसने क्षेत्र के चार विद्यालयों को मानक विहीन और गैर मान्यता प्राप्त पाया। ये चार विद्यालय हैं, कौड़िया स्थित मदरसा सेंट जोहान्स, पश्चिम कौड़िया स्थित एवन चिल्ड्रन स्कूल, पल्थी रोड स्थित मां कौशल्या शिक्षण संस्थान एवं पश्चिम कौड़िया स्थित ए के पब्लिक स्कूल। उक्त विद्यालयों को इस बाबत नोटिस भी भेजा गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। 

अब उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने शुक्रवार को इन चारों विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें पूछा है कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों न कि जाए ? नोटिस में स्पष्टीकरण देने के लिए 10 दिन की मोहलत दी गई है । उप जिलाधिकारी ने "तहलका 24x7 न्यूज़" को बताया कि समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण न मिलने पर उक्त विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

"धड़ल्ले से चल रहे मानक विहीन विद्यालय, मूक बधिर प्रशासन ने रेवड़ी की तर्ज पर बांट दी मान्यता" खबर पढ़ने के लिए लिंक को क्लिक करें । http://www.tahalka24x7.com/2018/07/24x7_29.html

Comments

  1. दुकानों में चल रहे शिक्षण संस्थानों पर भी प्रशासन को निगाह रखना चाहिए,और sdm साहब को खुद मौके की जांच करना चाहिए,वरना "गांव के छिनरा,डोली के रखवार" वाली कहावत चरितार्थ ही होगी

    ReplyDelete

Post a Comment