जौनपुर : गेटमैन की हृदय गति रुकने से मौत, सीमा विवाद में उलझा जिम्मेदार अधिकारी काटते रहे कन्नी

जौनपुर : गेटमैन की हृदय गति रुकने से मौत, सीमा विवाद में उलझा जिम्मेदार अधिकारी काटते रहे कन्नी


6 घंटे बाद पहुंचे रेलवे के उच्चाधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही निपटा कर शव पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा


शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
                    क्षेत्र के चिरैया मोड़ स्थित शाहगंज बलिया रेल खण्ड के गेट संख्या 69 बी पर तैनात गेट मैन की शनिवार तड़के हृदयगति रुकने से मौत हो गयी। उत्तर रेलवे व पूर्वोत्तर रेलवे को लेकर छह घंटे तक रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों को सीमा विवाद में उलझाए रहे। करीब 6 घंटे बाद जब रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे तब जाकर कोतवाली पुलिस शव कब्जे में ले सकी। रेलवे विभाग के अधिकारियों की इस गैर जिम्मेदाराना रवैये से परिजनों समेत शुभ चिंतकों में खासी नाराजगी रही।
         खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंगर गांव निवासी ध्रुव कुमार अस्थाना (56) खेतासराय के विद्यापीठ के समीप मकान बनाकर रहते हैं।  जो वर्ष 1995 से बतौर गेटमैन तैनात थे। शनिवार की सुबह छह बजे गेट के पास से गुजरने वालों ने उन्हें गिरकर तड़पता देखकर घटना की जानकारी रेलवे के अधिकारी समेत परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची राजकीय पुरुष चिकित्सालय की टीम ने गेटमैन को मृत घोषित कर दिया। रेल अधिकारियों ने मामले की सूचना पर पूर्वोत्तर रेलवे की सीमा पर घटना होने की बात कहते हुए हाथ खड़े कर दिये। किसी तरह से घटना की सूचना पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों को दी गयी। करीब छह घंटे बाद मुख्य अभियंता एके सिंह, सहायक अभियंता एके उपाध्याय, एसएससी अरविन्द कुमार राय मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्यवाही निपटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोतवाली पुलिस को सौंपा।
       घटनास्थल पर पहुंची मृतक की पत्नी आशा देवी के करुण क्रन्दन से लोगों की आखें नम हो गयीं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक काफी मिलनसार व मृदुभाषी रहे। मृतक का पुत्र अभिषेक चंडीगढ़ में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है व पुत्री श्वेता अस्थाना का विवाह हो चुका है।

Comments