जौनपुर : अल्पसंख्यक बच्चियों को शिक्षण संस्थानों में मिले आरक्षण : डॉ तारिक
शाहगंज।रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
नगर के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ तारिक शेख ने अल्पसंख्यक बच्चियों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर करते हुए सरकार से कुछ महत्वपूर्ण मांग की है। इसमें अल्पसंख्यक बच्चियों को प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक सरकारी एवं निजी संस्थानों में जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण और अल्पसंख्यक इलाकों में ब्लॉक स्तरीय बालिका इंटर कालेज एवं महाविद्यालय खोलने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर इन मसलों पर चर्चा करेंगे और अपनी बात रखेंगे।
भादी स्थित निवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में डॉ तारिक ने कहा कि अल्पसंख्यकों की आधी आबादी की शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार बेहद जरूरी है और इसके लिए जरूरी है कि उन्हें शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए आबादी के अनुपात में आरक्षण मिले। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के 70 साल बाद भी अल्पसंख्यक महिलाओं की स्थिति बदतर बनी हुई है। पूर्ववर्ती सरकारों में जस्टिस रंगनाथ मिश्र एवं जस्टिस सच्चर कमेटी ने भी इस सच्चाई को अपनी रिपोर्ट में उजागर किया है।
पत्रकारों से बात करते हुए डॉ शेख ने कहा कि देश में करीब 80 फीसद अल्पसंख्यक छात्राएं सेकेंडरी क्लास में ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। इस वजह से सरकारी नौकरियों में इनकी हिस्सेदारी लगभग न के बराबर है और स्नातक परास्नातक होने का स्तर भी 1 फीसदी से कम है। उन्होंने कहा देश में महिलाएं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर आदि रह चुकी हैं लेकिन अल्पसंख्यक छात्राओं व महिलाओं की स्थिति अभी तक जस की तस बनी हुई है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों और मुस्लिम राजनेताओं को इसका जिम्मेदार बताया। उन्होंने अल्पसंख्यक इलाक़ों में ब्लॉक स्तरीय बालिका इंटर कॉलेज एवं महिला महाविद्यालय के स्थापना की भी मांग की। श्री शेख ने बताया कि इस मांग पत्र को लेकर वो बहुत जल्द माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मुलाक़ात कर अपनी बात रखूंगा।

Comments
Post a Comment