जौनपुर : जर्जर तहसील कार्यालय का पंखा कार्य दिवस में छत से गिरा, एक तहसीलकर्मी घायल

जौनपुर : जर्जर तहसील कार्यालय का पंखा कार्य दिवस में छत से गिरा, एक तहसीलकर्मी घायल

जर्जर कार्यालय में जान हथेली पर रखकर काम करनेे को विवश हैं तहसील कर्मी

 शाहगंज।
 रवि शंकर वर्मा
 तहलका 24x7
                                                                          बेहद जर्जर हो चुके तहसील कार्यालय में तहसील कर्मी अपनी जान हथेली पर रखकर काम करने के लिए विवश हैं। जर्जर कार्यालय में कार्यरत कर्मी एक अनजाने से भय में रहकर काम करते हैं कि कब छत धराशायी हो जायेगी या जर्जर हो चुकी छत से लटक रहा पंखा नीचे आ जाएगा। तहसील कर्मियों का अनजाना भय आखिरकार शनिवार की अपराह्न हकीकत बन गया।


स्थानीय तहसील  प्रांगण के एक जर्जर कार्यालय में सहायक राजस्व लेखाकार कृष्ण कुमार सिंह व संग्रह अमीन अशोक मिश्रा मासिक प्रगति विवरण पत्र तैयार करने में तल्लीन थे कि तभी जर्जर हो चुके छत से लटक रहा पंखा धड़ाम से नीचे आ गिरा और कार्यालय में अफरातफरी मच गई। पंखा गिरने के दौरान संग्रह अमीन अशोक मिश्रा के सिर व दाहिने कन्धे में चोट लगी। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने घायल कर्मी का प्राथमिक उपचार निजी चिकित्सालय में कराया।


बताते चलें कि विगत तीन वर्ष पूर्व आयुक्त वाराणसी ने अपने स्थलीय निरीक्षण में जर्जर हो चुके तहसील कार्यालय पर बेहद खेद जताया था और जल्द से जल्द जर्जर कार्यालय का मरम्मत कराने के लिए तत्कालीन उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया था। तब से आज तक कई बार उच्च पदासीन अधिकारियों ने न जाने कितनी बार निरीक्षण किया। हर बार अधिकारियों ने जर्जर भवन पर खेद भी जताया और मरम्मत का निर्देश भी दिया लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। आखिरकार शनिवार की अपराह्न एक हादसा हो ही गया। अब यह देखना होगा कि इस घटना से के बाद स्थानीय तहसील प्रशासन की कुम्भकरणी निद्रा भंग होती है कि नहीं।

Comments