वाराणसी : पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में बद से बदतर हुई सीवर और सफाई की व्यवस्था
शहर में सीवर, नालों की सफाई और स्वच्छता में हो रहे लापरवाही के विरुद्ध व्यापारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रधानमन्त्री के संसदीय क्षेत्र में उड़ रही स्वच्छता अभियान की धज्जियाँ
वाराणसी।
अंकित मिश्रातहलका 24x7
पूरे देश में स्वच्छता अभियान का बिगुल फूंकने वाले प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की धज्जियाँ उड़ रही है। यहाँ की गंदगी देखने के बाद स्वच्छता अभियान की वास्तविक हकीकत सामने आ रही है। वाराणसी में इन दिनों सीवर और साफ सफाई की व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है गलियों में सीवर बजबजा रहे हैं। जहां-तहां कूड़े का अंबार लगा हुआ है। शहर में शाही नाले की साफ-सफाई सीवर की साफ-सफाई और गलियों में साफ-सफाई में हो रही घोर लापरवाही को लेकर आज विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल के व्यापारियों ने वाराणसी के जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि नगर सीमा में जायका द्वारा शाही नालों की सफाई और मरम्मत के कार्यों में घोर लापरवाही बरती जा रही है जिसके चलते विशेश्वरगंज मंडी समेत आसपास के मोहल्ले में सीवर का पानी आम जनता के घरों की बुनियाद को डैमेज कर रही है। इसके अतिरिक्त जल निगम व हैंडपंपों में दूषित पानी जनता को पीने के लिए मिल रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि जून माह के मध्य तक मानसून सक्रिय हो जाने पर अगर ऐसी ही लापरवाही का आलम रहा तो मलजल व वर्षा जल का सही निस्तारण ना होने की दशा में शहर में हर जगह सीवर का गंदा पानी दिखने लगेगा। वाराणसी में कई ऐसे वार्ड हैं जहां सफाई की की व्यवस्था बेहद दयनीय है। वार्ड नं 14 जिसे स्वच्छता का मानक माना गया है और इन वार्डों में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए प्राइवेट कंपनी आईएलएंडएफएस को साफ़ सफाई का जिम्मा सौंपा गया है।इन वार्डों में एक वार्ड गढ़वासी टोला भी आता है। इस वार्ड के सूड़िया, मोती कटरा और ठठेरी बाजार क्षेत्र की वर्तमान स्थिति यह है कि यहां सप्ताह में केवल 2 दिन ही झाड़ू लगता है और कूड़ा उठान होता है। यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है और काफी बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान इस क्षेत्र में मौजूद हैं। ऐसे में सफाई की यह स्थिति अपने आप में चौंकाती है। अगर यह आलम रहा तो वह दिन दूर नहीं जब पूरा बनारस कूड़े के ढेर पर बैठा मिलेगा। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रुप से विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल के के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, अलखनाथ गोस्वामी, अशोक सेठ, सुनील चौबे, दुर्गा दास गुप्ता, संतोष जायसवाल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Comments
Post a Comment