जौनपुर : आरपीएफ के महिला सुरक्षा अभियान से हड़कंप, दर्जनों हिरासत में
अवैध वेंडर, चैन पुलिंग करने वाले दर्जनों लोगों का चालान
शाहगंज(जौनपुर)विनोद साहू
तहलका 24x7
महिला सुरक्षा के बाबत आरपीएफ द्वारा चलाये जा रहे चेकिंग अभियान से स्थानीय स्टेशन पर हड़कंप मचा है । ट्रेनों की महिला बोगियों में सघन जांच से महिला यात्री स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं । इस बीच संदिग्ध और आपत्तिजनक हालत में पाए गए दर्जनों लोगों का चालान किया गया ।
बीते दिनों स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ने के बाद आरपीएफ द्वारा चलाया गया महिला सुरक्षा अभियान को भारी सफलता मिल रही है । प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में ट्रेनों की महिला बोगियों की चेकिंग की जा रही । इसके अतिरिक्त अवैध वेंडरों की भी धर पकड़ जारी है।
इस अभियान के दौरान बलिया - शाहगंज पैसेंजर ट्रेन संख्या 55137 के महिला कोच में सवार चार पुरुष यात्रियों का रेलवे एक्ट की धारा 162 के तहत चालान किया गया है। टीम द्वारा प्लेटफार्म सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर, टैक्सी स्टैंड व तमाम ट्रेनों में अभियान चला जांच पड़ताल की गयी । इस दौरान चैन पुलिंग में दर्जनों यात्रियों, करीब आधा दर्जन अवैध वेंडर और अनावश्यक प्लेटफॉर्म पर टहल रहे आधा दर्जन संदिग्ध लोगों का चालान किया गया । प्रभारी निरीक्षक के साथ टीम में हमराही मदनलाल, संजय यादव एवं रणविजय सिंह समेत तमाम जवान मौजूद रहे ।

Comments
Post a Comment