जौनपुर : तीन शातिर लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे
3 असलहा, 8 कारतूस व दो चोरी की बाइक बरामद

शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
क्षेत्र में हुई कई लूट की घटना से पुलिस की कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया था। लुटेरे आये दिन नई नई वारदातों को अंजाम दे पुलिस को चुनौती दे रहे थे। बढ़ते अपराध को नियंत्रित करने में असफल स्थानीय कोतवाली को पुलिस अधीक्षक ने निशाने पर ले रखा था। अपराध व अधिकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक के सख्त तेवर के चलते सक्रिय हुई स्थानीय कोतवाली पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम ने तीन लुटेरों को धर दबोचा। लुटेरों के गिरोह को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक के के चौधरी ने 5000/ नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
स्थानीय कोतवाली पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम ने अपराधियों की सुरागकशी में लगी थी कि बुधवार की देर सांय मुखबिर ने सूचना दी कि हाल ही में हुई लूट के आरोपी नई घटना को अंजाम देने के लिए खुटहन से शाहगंज आ रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई कोतवाली व स्वाट की संयुक्त टीम ने अक्खीपुर गांव के समीप घेराबंदी कर सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के तीन लुटेरे पकड़ी गांव निवासी रूपेश यादव उर्फ पिन्टू पुत्र राधेश्याम यादव, नगहटी गांव निवासी चन्द्र भान शर्मा उर्फ करिया पुत्र सोमारू शर्मा एवं पकड़ी गांव निवासी राहुल यादव उर्फ मंजीत पुत्र अरुण कुमार यादव को गिरफ्तार किया। अपराधियों की तलाशी लेने पर 315 बोर का दो असलहा, 12 बोर का एक असलहा समेत 8 जिन्दा कारतूस बरामद किया गया। तीनों लुटेरों से चोरी की दो बाइक बरामद की गई जिससे अपराधियों ने लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रशांत श्रीवास्तव के मुताबिक पकड़े गए अपराधियों के पास से शाहगंज में हुई 25000/ की लूट में से 7000/ व सरपतहां क्षेत्र में हुई 40000/ की लूट में से 3000/ बरामद किया है। दोनों लूट में संलिप्त होने पर तीनों अपराधियों के विरुद्ध भादवि की धारा 392 एवं 3/25 आर्म एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
Comments
Post a Comment