जौनपुर : आधा दर्जन अंतर्जनपदीय एटीएम चोर गिरफ्तार, 15 फर्जी एटीएम कार्ड एवं बोलेरो बरामद
मछलीशहर।राजेश मौर्या
तहलका 24x7
कोतवाली पुलिस ने नगर के मड़ियाहूं रोड स्थित एटीएम बूथ से छः अन्तर्जनपदीय एटीएम चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 15 फर्जी एटीएम कार्ड और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक बोलेरों बरामद हुई है। नगर के चुंगी चौराहे पर एसएसआई रूद्र भान पांडेय के नेतृत्त्व वाहन चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि मडियाहूँ रोड स्थित एचडीएफसी व बैंक ऑफ़ बड़ौदा के एटीएम बूथ के पास एक बोलेरों से पांच छः की संख्या में आये युवक खड़े है जो एटीएम में जाने वाले कम पढ़े लिखे व सीधे सादे लोगों को देखकर उनके मदद के बहाने उनके एटीएम पिन की जानकारी ले रहे हैं। कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आते हुए वहाँ से पैदल ही उन सभी की हरकतों को देखने लगी।
पुलिस ने देखा की पांच छः की संख्या में लोग एटीएम के आसपास व अन्दर बाहर ताक झांक कर रहे थे। मामला संदिग्ध समझकर कोतवाली में सूचना देकर भारी मात्रा में फोर्स बुलाकर चारों तरफ से घेरकर सभी को गिरफ़्तार कर कोतवाली ले आयी। कोतवाली में जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से विभिन्न बैंको के 15 फर्जी एटीएम कार्ड, 3 फर्जी नंबर प्लेट, 7 मोबाईल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी युवको ने बताया कि वे गाडी का नंबर प्लेट बदलकर गाजीपुर, वाराणसी, सुल्तानपुर सहित दर्जन भर जिलों में एटीएम कार्ड बदलकर व पिन पूछकर घटना को अंजाम देते है। कोतवाली पुलिस को युवकों ने अपना नाम मंगलदेव राजभर, नरेंद्र राजभर, धन्जु राजभर, सूरज निवासी सुरहन गांव, थाना दीदारगंज तथा अरबिंद राजभर बनगाँव, थाना दीदारगंज और अंगद राजभर गांव देहदुवार थाना बरदह जिला आजमगढ़ बताया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों पर मीरगंज, लाइन बाजार, मुंगरा बादशाहपुर, चंदवक सहित जिले के विभिन्न थानों में चालाकी से रूपए बदलना, कोड पूछकर रूपए निकालने सहित जालसाजी के कई मुक़दमे दर्ज है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएसआई रुद्रभान पाण्डेय, उप निरीक्षक हरिश्चंद्र सिंह, कालिका यादव, मो इश्तियाक अहमद सहित अन्य पुलिस के जवान मौजूद रहे। उक्त अपराधियों पर मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में चालान भेज दिया गया।

Comments
Post a Comment