जौनपुर : मानसिक अवसाद ग्रस्त सिपाही घायलावस्था में मिला
शाहगंज(जौनपुर)रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
मानसिक अवसाद से ग्रसित एक सिपाही नगर के नटौली गांव के समीप घायलावस्था में मिलने पर ग्रामीणों ने 100 नम्बर को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त घायल सिपाही को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया।
आजमगढ़ जनपद के देवकली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोइनाबाद गांव निवासी पंकज कुमार (30) पुत्र शिव पूजन औरैया जनपद के पुलिस लाइन में कांस्टेबल के पद तैनात था। मानसिक अवसाद से ग्रसित होने के कारण छुट्टी लेकर अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रोडवेज बस से घर जा रहा था। मंगलवार की अलसुबह बस स्थानीय डिपो पर पहुंची तो मानसिक अवसाद ग्रसित सिपाही अकारण ही अपनी पत्नी व बच्चों को मारने पीटने लगा। बस मे मौजूद अन्य सहयात्रियों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। तब तक सिपाही पंकज अपना एक बैग लेकर बस से उतर गया। बैग में कपड़ा, आधार कार्ड, पैनकार्ड, बैंक पासबुक, दो मोबाइल व ₹5000 नकदी था। बस में सवार लोगों ने उक्त युवक को बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना और बस से उतरकर पैदल ही कहीं चला गया। वही युवक को नगर के नटौली गांव के समीप घायलावस्था में ग्रामीणों को मिला। युवक की जीभ बुरी तरफ से कटकर दो भागों में विभाजित हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उक्त घायल युवक को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती करा परिजनों को सूचित कर दिया। पुलिस कर्मियों के मुताबिक घायल सिपाही को स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराने से पूर्व ही उसका बैग गायब हो गया था। सूचना पाकर उक्त घायल युवक का छोटा भाई विवेक कुमार स्थानीय चिकित्सालय पहुंच गया है।
Comments
Post a Comment