जौनपुर : "बिल्ली के भाग्य से छींका टूटा" पुलिस अपनी पीठ थपथपाने में जुटी

जौनपुर : "बिल्ली के भाग्य से छींका टूटा" पुलिस अपनी पीठ थपथपाने में जुटी


कोतवाली पुलिस के नाक के नीचे महीनों से चल रहा था जाली नोटों का गोरख धंधा, पुलिस के खुफिया तंत्र को हवा तक नहीं लगी


बाइक चोरी, छिनैती, उचक्कागिरी रोकने में नाकाम कोतवाली पुलिस बस डंडा फटकने व भौकाल टाईट करने में मशगूल है

जौनपुर।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7 
                   जनपद के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में नकली नोटों का गिरोह कोतवाली पुलिस के नाक के नीचे महीनों से सक्रिय था। लेकिन कोतवाली पुलिस के सूचना तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी। स्थानीय नगर क्षेत्र में बाइक चोरी, छिनैती व उचक्कागिरी पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम कोतवाली पुलिस सिर्फ व सिर्फ डंडा फटकने व भौकाल टाईट करने में जुटी है। "बिल्ली के भाग्य से छींका टूटा" वाली कहावत बुधवार की मध्याह्न तब चरित्रार्थ हुआ जब जाली नोटों के गिरोह का एक सदस्य स्वत: ही स्थानीय कोतवाली पहुंच जाली नोटों के गोरख धन्धे की कहानी बयां कर दिया। सूचना पर सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने गिरोह के सदस्य की निशानदेही पर जाली नोटों के गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरोह के सदस्य एक लाख रुपये के बदले दो लाख रुपये का जाली नोट उपलब्ध कराते थे। बताया जा रहा है कि काफी मात्रा में लगभग 6 लाख रुपये के जाली व असली नोट बरामद किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक उक्त सौदागरों ने अपना पूरा नेटवर्क बना रखा है। वे नगर के फैजाबाद रोड स्थित हिंद सिनेमा के समीप किराये का कमरा ले रहते हैं। चंदौली जनपद के सैयदराजा  निवासी एक व्यक्ति ने सैयदराजा निवासी संजय बिन्द पुत्र भिखारी बिन्द को एक लाख रुपया के बदले दो लाख रुपये के नकली नोट जाली नोटों के सौदागरों को दिला दिया। लेकिन जाली नोटों की गुणवत्ता ठीक न होने से चलने में परेशानी होने लगी। तब संजय ने उक्त व्यक्ति से पुनः सम्पर्क किया। तब सौदागरों ने और रुपया लाने से इस बार अच्छी नोट देने का वादा किया। संजय ने पुनः डेढ़ लाख रुपये लाने का गिरोह से वादा किया। 
वादे के मुताबिक बुधवार संजय रूपया लेकर पहुंचा तो गिरोह का सरगना असली नोट लेकर दुगना नकली नोट देने में आनाकानी करने लगा। जिससे संजय स्वत: ही कोतवाली पहुंच कर सारी कहानी बयां कर दिया। तब जाकर कोतवाली पुलिस को जाली नोटों के गिरोह के गोरख धन्धे के बारे में पता चला कि उनके नाक के नीचे महीनों से जाली नोटों का गिरोह सक्रिय था। सूचना पर सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस अपने दल बल के साथ गिरोह के सदस्य की निशानदेही पर फैजाबाद रोड स्थित हिन्द टाकीज के समीप से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये आरोपियों के पास से नकली नोट एक ही सीरीज के 500, 50, 20 के लगभग 6 लाख रुपये बरामद किया गया है। आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, दर्जनभर से अधिक सिमकार्ड, कई लोगों के पैनकार्ड, वोटर आईडी भी मिले हैं।
फिलहाल कोतवाली पुलिस नकली नोट के अन्य सूत्रों की सुरागकशी में जुटी है। कोतवाली पुलिस इस सन्दर्भ में कुछ भी बताने में आनाकानी कर रही है। कोतवाली पुलिस इस अचानक से मिले स्वर्णिम मौके को "गुडवर्क" ठहराने में जुटी है।


# जाली नोटों का गिरोह कई प्रांत में है सक्रिय


जाली नोटों का गिरोह सूबे के वाराणसी, कानपुर, देवरिया, लखनऊ, जौनपुर के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्यप्रदेश आदि प्रांतों में सक्रिय है। यहां ये करोड़ों का हर महीने धंधा करते रहे हैं। सूत्रों की मानें तो शाहगंज चार जनपद का बार्डर होने के नाते जाली नोटों का यह गोरख धंधा कई महीनों से चल रहा था।
     

Comments