जौनपुर : डिजिटल इंडिया को पलीता लगा रहा है भारतीय दूरसंचार निगम
तीन दिन से नेटवर्क फेल होने से रेलवे रिजर्वेशन समेत आधा दर्जन बैंकों का करोड़ों का लेनदेन प्रभावित
विनोद साहू
तहलका 24x7
भारतीय दूरसंचार निगम की लापरवाही के चलते दूरसंचार व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। जिसके चलते रेलवे रिजर्वेशन व बैंक कार्य पूरी तरह ठप्प पड़ चुका है। दूरसंचार की लापरवाही से बैंकों के सर्वर फेल होने के कारण बैंको का करोड़ों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं हाल रेलवे रिजर्वेशन का है सर्वर फेल होने के कारण टिकट आरक्षण न होने से रेलवे का लाखों का नुकसान हो रहा है।
बताते चलें कि पिछले तीन दिनों से नगर क्षेत्र में भारतीय दूरसंचार विभाग की सेवा पूरी तरह ठप है। आम जनता जहां इससे परेशान हैं वहीं बैंकों में काम न होने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वही बैंक का व्यवसाय प्रभावित हैं। वही इस बाबत ओरिएंटल बैंक आफ कामर्स (ओबीसी) के शाखा प्रबंधक दीनानाथ कहते हैं कि तीन दिनों से नेटवर्क न रहने से बैंक का लगभग पचास लाख रुपये लेनदेन प्रभावित हुआ है।
वहीं दूरसंचार विभाग के जेई भगीरथ मल सैनी से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने बताया कि आजमगढ़ मार्ग पर ओपी लाज के समीप 800 पेयर की केबल कट गई है। विद्युत विभाग द्वारा पोल लगाने हेतु गड्डा खोदने के दौरान उक्त केबल कट गयी जिसके चलते लगभग सभी बैंक व रेलवे स्टेशन पर नेटवर्क नहीं पहुंच पा रहा है। फिलहाल मामलें को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में दे दिया गया है। कर्मचारियों को लगाया गया है जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त हो जायेगी।
Comments
Post a Comment