आजमगढ़ : प्रमुख सचिव के दौरे की सूचना पर सिर के बल दौड़े अधिकारी, लीपापोती चालू
आजमगढ़ ब्यूरो।सिद्धेश्वर पाण्डेय
तहलका 24x7
विकास खंड अहरौला की सबसे बड़ी ग्रामसभा ओरिल मे प्रदेश के प्रमुख सचिव राजीव रंजन के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही अधिकारी सिर के बल दौड़ पड़े हैं । ग्रामसभा की दिख सकने और पकड़ में आ सकने वाली समस्याओं पर लीपापोती पूरे रफ़्तार से चल रही है । प्रमुख सचिव की नज़रों में कोई गलती खटक न जाये, इसके लिए ताबड़तोड़ प्रयास जारी हैं । प्रमुख सचिव के दौरे में मद्देनज़र लगभग पन्द्रह हजार आबादी वाली ग्राम सभा में व्याप्त समस्याओं को सुलझाने व उन पर पर्दा डालने के लिए स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग समेत सभी प्रमुख विभाग के अधिकारी जुटे हुए हैं।
घर घर घूमकर पेंशन,राशन कार्ड आदि दुरुस्त किये जा रहे है। सड़कों को साफ सुथरा दिखाने के लिए ब्लाक के दो सौ सफाई कर्मी लगे हुए हैं । हर चीज को चमकाया जा रहा है । स्वास्थ्य उपकेन्द्र पर साफ सफाई, लिखावट का काम चल रहा है । वही बगल में स्थित ग्रामसभा सचिवालय का भी रंग रोगन हो रहा है और स्लोगन लिखे जा रहे हैं । ग्रामीणों का कहना है कि यहाँ राशन कार्ड में भारी अनियमितता है । सैकडों पात्रों के नाम काट दिये गये हैं । कुल 21 पेनशनर थे, जिसमे पाँच की मौत हो चुकी है,16 बचे हैं , जिससे गांव मे आये समाज कल्याण विभाग के सुपरवाईजर चंदन प्रसाद, ब्लाक के रवीन्द्र सिंह लगभग सौ पेशनर का लक्ष्य पूरा करना चाहते है । यहाँ 16.5 करोड़ की लागत से पेयजल का कार्य चल रहा है । गांव के प्रधान संजय यादव ने बताया कि यहाँ 2016-17 मे 31 आवास , 2017-18 मे 23 आवास पास हुए थे । काम चल रहा है । मात्र 20 शौचालय बने है ।
प्रधान का कहना है अभी तक अधिकारी नही सुनते थे और प्रमुख सचिव के आगमन की वजह से आज गाँव की खाक छान रहे है। हालाँकि नौ फरवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों मे असमंजस की स्थिति है । भाजपा के माहुल मंडल के महामंत्री सूरज अग्रहरी का कहना है कि ओरिल गाँव विकास से कोसों दूर है । यहाँ सड़क, पानी, स्वास्थ्य समेत हर मूलभूत चीज़ का अभाव है । उन्होंने बताया कि वो इस सम्बन्ध मे ज्ञापन भी देंगे ।
वहीं अम्बारी क्षेत्र के प्रधान सुभाष यादव, राकेश यादव , शिवदरस यादव, प्रधानपति गोकुलनन्दन बिन्द, इश्तियाक अहमद आदि लोग अम्बारी बाजार रोड की बदहाल स्थिति, अतिक्रमण, सब्जी मंडी की वजह से लगने वाले जाम, फूलपुर पश्चिमी फीडर के जर्जर तार होने से अम्बारी बाजार सहित दर्जनों गांवो की बिजली समस्या, भागवंती देवी राजकीय बालिका इन्टर कॉलेज की बॉउंड्री वाल का निर्माण 40 वर्षो से न हो पाने की समस्या को लेकर लोग प्रमुख सचिव को ज्ञापन देने की तैयारी में लगे है ।


Comments
Post a Comment