जौनपुर : // मानवता शर्मसार // गर्भवती ने चिकित्सालय के गेट पर जन्म दिया बच्ची को
शाहगंज/जौनपुररवि शंकर वर्मा
तहलका 24 x 7
मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में घट गई। एक गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा के कराहते हुए स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में पहुंची। गर्भवती महिला एवं उसके परिजनों के पास किसी भी प्रकार का पहचान पत्र उपलब्ध न होने के कारण चिकित्सक ने मरीज को भर्ती नहीं किया। वहीं गर्भवती महिला ने चिकित्सालय के गेट पर ही एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म की सूचना स्थानीय चिकित्सालय कर्मियों को होने पर स्वास्थ्य कर्मी हरकत में आये।
रायबरेली जनपद निवासी अजय कुमार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज पुलिस चौकी अन्तर्गत बेलवाई रेलवे स्टेशन के किनारे अस्थायी निवास बना कूड़ा करकट बीन कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार की प्रातः उसकी गर्भवती पत्नी चन्दा (22) को प्रसव पीड़ा होने पर वह अपनी पत्नी को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय लेकर आया। उसके पास किसी प्रकार का पहचान पत्र उपलब्ध न होने से चिकित्सकों ने भर्ती करने से मना कर कहीं और जाने को कह दिया। तभी उसकी पत्नी ने चिकित्सालय के गेट पर ही एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म की सूचना पर चिकित्सा कर्मी सक्रिय हुए। आनन-फानन में प्रसूता को नव शिशु के साथ चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार हेतु भर्ती कराया।
इस अमानवीय घटना पर परिजनों ने आरोप चिकित्सकों पर आरोप लगाया कि हम बेहद गरीब लोग जैसे ही मरीज को लेकर चिकित्सालय पहुंचे कि चिकित्सकों ने लापरवाही में कहीं और ले जाने को कहा। उसका कारण था कि हम गरीब लोग पैसा नहीं दे पाते इसलिए हमारे मरीज को भगाया गया।
वहीं चिकित्सा अधीक्षक डा. डी एस यादव ने कहा कि गर्भवती महिला की स्थिति नाजुक थी उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। मरीज के परिजन किसी के इंतजार में थे कि गर्भवती महिला ने चिकित्सालय के गेट पर ही एक बच्ची को जन्म दे दिया जच्चा बच्चा सुरक्षित है। फिलहाल चिकित्सालय के गेट पर गर्भवती महिला के प्रसव प्रकरण की जांच कर दोषी चिकित्सक के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment