जौनपुर : छात्रसंघ चुनाव निरस्त होने के विरोध में छात्रों ने निकाला कैंडिल मार्च

जौनपुर : छात्रसंघ चुनाव निरस्त होने के विरोध में छात्रों ने निकाला कैंडिल मार्च

टी डी कालेज के मुख्यद्वार से अमरावती चौक तक निकले कैंडिल मार्च में सैकड़ों छात्र हुए शामिल 

जौनपुर।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24 x 7
               तिलक धारी महाविद्यालय के प्रबंधन ने छात्रसंघ का चुनाव निरस्त कर दिया है। जिसके विरोध में छात्र नेता हर्षित सिंह के नेतृत्व में कैंडिल मार्च निकाला गया।  टी डी कालेज के मुख्य द्वार से सैकड़ों छात्रों ने नगर के अमरावती चौक तक कैंडिल मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने बताया कि कालेज के प्राचार्य विनोद सिंह ने अपने तानाशाही रवैया के कारण छात्रसंघ का चुनाव निरस्त कर दिया। राजनैतिक सरंक्षण के चलते हठ धर्मिता में अनुचित कारणों से छात्रसंघ का चुनाव निरस्त करना सर्वथा अनुचित है। जबकि प्रदेश सरकार की मंशा छात्रसंघ का चुनाव कराने की है। अन्य सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ के चुनाव हो रहे हैं। वहीं छात्रों ने टी डी कालेज के प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कालेज के प्रबंध तंत्र जिस सांठ-गांठ से महाविद्यालय को दीमक की तरह खा रहे हैं छात्रसंघ के चुनाव के बाद वह व्यवस्थाएं समाप्त हो जाएंगी। चुनाव के बाद महाविद्यालय में व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं पर अंकुश लगने के डर से महाविद्यालय के प्रबंध तंत्र ने अनुचित कारणो से छात्रसंघ का चुनाव निरस्त किया है।
 
मार्च में शामिल छात्रों ने कहा कि कैंडिल मार्च के माध्यम से छात्रसंघ चुनाव के विरोधियों को संदेश देना चाहते हैं शासन, सत्ता एवं पुलिस के शह पर छात्रों के अधिकार को कुचला नहीं जा सकता है। कालेज का प्रबंध तंत्र शासन सत्ता एवं पुलिस का भय दिखाकर छात्र शक्ति को भड़काने का काम न करे। छात्रसंघ चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी संगठित छात्र धरना, प्रदर्शन एवं आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान शुभम प्रकाश सिंह, सर्वेश पटेल "मोनू", अवनीश सिंह, अंशुमान सिंह, वेद प्रकाश सिंह, विपिन यादव, अविनाश प्रताप सिंह, उत्कर्ष सिंह, अभिषेक यादव, अमन सिंह, सुमित मिश्रा एवं प्रशान्त सिंह समेत सैकड़ो छात्र मौजूद रहे।

Comments