नहीं थम रहा है जहरखुरानों का काला कारनामा

# नहीं थम रहा है जहरखुरानों का काला कारनामा
# जहरखुरानी के हुए तीन शिकार, एक की हालत गंभीर जिला चिकित्सालय रेफर


शाहगंज/जौनपुर
राकेश अग्रहरि 
तहलका 24 x 7 
                  जहरखुरानों का काला कारनामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहरखुरानों का गिरोह अपने कारनामें से बाज नहीं आ रहा है। आये दिन ये गिरोह किसी न किसी यात्री को अपना शिकार बना सामान लूट रहे हैं। रेलवे पुलिस का काम महज लूटे पिटे यात्रियों को चिकित्सालय पहुंचा परिजनों को सूचना देना मात्र रह गया है। ऐसा ही एक मामला फिर से प्रकाश में आया है।  नगर के रोडवेज परिसर में सोमवार की देर रात दो युवक अचेतावस्था की हालत में हालात में पाये गये। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों युवक को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया। मौके पर मौजूद लोगो ने भुक्तभोगियों के मोबाइल से परिजनों को सूचित कर दिया। वहीं स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर एक युवक भी जहरखुरानों का शिकार हो गया। मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस ने भुक्तभोगी को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया।
       प्राप्त जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर तहसील अन्तर्गत बरुआरीपुर गांव निवासी रामजी गुप्ता (60) पुत्र भिखारी लाल गुप्ता अपने पुत्र अनिल कुमार गुप्ता( 28) पुत्र राम जी गुप्ता लुधियाना से कमाकर  फिरोजपुर धनबाद एक्सप्रेस ट्रेन से घर आ रहा था। ट्रेन में ही दोनों भुक्तभोगी जहरखुरानों का शिकार हो गए। बेहोशी की हालत में ही किसी तरह ट्रेन से उतर कर रोडवेज पहुचे दोनों बाप बेटे रोडवेज परिसर में अचेत हो कर गिर गये मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उनके परिजनों को सूचित कर स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया।
   वहीं दूसरी तरफ आजमगढ़ जनपद के अम्बारी थाना अंतर्गत पलिया माफी गांव निवासी अजय कुमार (40)पुत्र राम करन भी उसी ट्रेन से घर आ रहा था कि जहरखुरानों ने उसे भी अपना शिकार बना लिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर अचेतावस्था में रेलवे पुलिस को मिला। रेलवे पुलिस ने उक्त भुक्तभोगी को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उक्त युवक की हालत नाजुक देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

Comments