# अलग अलग स्थानों पर आग की चपेट में आने से चार गम्भीर रूप से झुलस
# एक ही परिवार के तीन सदस्य गम्भीर जिला चिकित्सालय रेफर
शाहगंज /जौनपुर
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24 x 7
अलग अलग स्थानों पर आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्य एवं एक अन्य स्थान पर एक किशोरी गम्भीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को स्थानीय निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने एक ही परिवार के तीन लोगों की हालत नाजुक देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। व अन्य किशोरी का इलाज चल रहा है।
सरपतहां थाना क्षेत्र के भगासा गांव के पटखौली पुरवा निवासी कृपा शंकर पाठक की 45 वर्षीय पत्नी कंचन पाठक शनिवार की देर शाम अपने देवर मया शंकर पाठक के जुड़वाँ डेढ़ वर्षीय बच्चों शिवांश एवं शिवांशी के साथ कमरे में बैठी थी। बिजली कट जाने पर लालटेन जला कर किसी काम से कमरे के बाहर चली गई। तब तक बच्चों ने खेलते खेलते लालटेन गिरा दिया। लालटेन का तेल जमीन पर फैल कर बिखरे कपड़ो को आग की जद में ले लिया। उसी आग की चपेट में आने से दोनों जुड़वां बच्चे गम्भीर रूप से झुलस गए। चीख पुकार सुन मौके पर पहुंची बच्चों की बड़ी मां कंचन आग बुझाने के प्रयास में वह भी बुरी तरह से झुलस गई। आनन-फानन में परिजनों ने सभी घायलों को स्थानीय निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उक्त सभी की हालत नाजुक देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
वहीं कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज पुलिस चौकी अन्तर्गत रामपुर गांव निवासी केलई राम की 16 वर्षीय पुत्री विनीता गैस पर चाय बनाते समय गैस लीक होने के कारण आग की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गई। परिजन झुलसी किशोरी को स्थानीय निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां उक्त किशोरी का इलाज चल रहा है।
Comments
Post a Comment