# धर्मगुरुओं ने किया सर्वधर्म सामूहिक विवाह केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन

                 

# धर्मगुरुओं ने किया सर्वधर्म सामूहिक विवाह केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन 

# जेसीआई शाहगंज सिटी की ओर से 19 नवंबर को होगा भव्य आयोजन 

# सभी धर्मों के जोड़ों का होना है दहेज रहित आदर्श सामूहिक विवाह 

# सर्वधर्म सामूहिक विवाह महायज्ञ में  "तहलका 24 x 7" बना मीडिया पार्टनर 



शाहगंज/जौनपुर
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24 x 7
                    जेसीआई शाहगंज सिटी द्वारा प्रस्तावित सर्वधर्म सामूहिक विवाह के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन रविवार को संपन्न हुआ। नगर के मुख्य मार्ग पर गांधी आश्रम के सामने महेंद्र सेठ के मकान में स्थित केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन हिन्दू, मुस्लिम और इसाई धर्मगुरुओं ने सामूहिक रूप से किया। धर्मगुरुओं ने इसे मानवता और भाईचारे की अलख जगाने वाला अनुपम प्रयास बताया।
           समारोह में अध्यक्ष जेसी दिवाकर मिश्र ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष 19 नवंबर दिन रविवार को सर्वधर्म सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में होगा। अब तक 11 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है। उन्होंने सभी से इस पुनीत आयोजन में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की। एक ही पंडाल व मंच पर हिन्दु मुस्लिम व ईसाई धर्म की शादियों का विह्गम दृश्य होगा। जहां एक तरफ वेद मंत्रोच्चार होगा वहीं दूसरी कलमा व बाइबल का उच्चारण होगा। मुख्य अतिथि पुरोहित श्रीप्रकाश पाठक ने कहा कि दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के निदान और भाईचारे को बढ़ाने के लिये यह बेहद सराहनीय प्रयास है और संस्था बधाई की पात्र है।
 
 
इसाई धर्मगुरु फादर शैलेंद्र ने कहा कि विवाह संस्था की शुचिता और उसे आडम्बर मुक्त रखना पूरे समाज की ज़िम्मेदारी है। यह आयोजन उस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना मोहम्मद साकिब और मोहम्मद सालिम ने भी अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के जोड़ों की शादियां एक मंच के तहत कराने का विचार रचनात्मक और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने वाला है। उन्होंने आयोजन में किसी मुसलमान जोड़े को शामिल कराने की पूरी कोशिश का वादा भी किया।

                                      संचालन कार्यक्रम संयोजक रविकांत जायसवाल ने किया। कार्यालय प्रभारी रामजी गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं जेसी साथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष संजय गुप्ता और रवींद्र दुबे ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
                                             इस दौरान महेंद्र सेठ, सर्वेश अग्रहरि, सचिन वर्मा, अविनाश जायसवाल, दीपक जायसवाल, अनूप सेठ, दीपक सिंह, अभिषेक अग्रहरि, विकास साहू, संदीप जायसवाल, आनंद वर्मा,अश्विनी अग्रहरि, देवी प्रसाद चौरसिया मंटू, आलोक, रोहित गुप्ता, प्रशांत, जेजे धीरज, जेजे अभिनव आदि मौजूद रहे।             

           

Comments