!! विजेथुआ महावीर धाम में बुढवा मंगल पर लाखों दर्शनार्थियों ने मत्था टेका
सूरापुर(सुल्तानपुर) शीलेश बरनवाल तहलका 24 x 7 पूर्वांचल की पर्यटक, पौराणिक व कालिनेमि वध स्थली विजेथुआ महावीर धाम में बुढवा मंगल पर लाखों दर्शनार्थियों ने मत्था टेक आशीर्वाद लिया। दूर-दराज से आए भक्तों ने मकरी कुण्ड सरोवर में स्नान कर अपने आराध्य देव के लिए कड़ाही चढ़ाकर मीठी पूड़ी (रोट) बनाई। महिलाओं के साथ पुरुषों ने कतार में लगकर हनुमान जी का दर्शन व पूजन किया। भोर से ही घंटा-घड़ियाल के साथ बाबा के जयकारे की आवाज गूंजने लगी।
विदित हो कि नाग पंचमी के बाद दूसरे मंगलवार को विजेथुआ महावीर धाम में बुढवा मंगल मेला के रूप में मनाया जाता है। देश के कोने- कोने से लाखों श्रद्धालु हनुमान जी का दर्शन-पूजन करने आते हैं। रक्षा बंधन के दूसरे दिन मंगलवार होने से मेले में दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ गई थी।प्रशासन की तरफ से मेला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किये गए थे। मेला परिक्षेत्र के चारों तरफ बेरीकेटिंग बनाकर छोटी व बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी।पिछली बार हादसे से सबक लेकर प्रशासन की तरफ से मकरी कुण्ड सरोवर में चारों तरफ से बीच खम्भे तक रस्सी लगाई गई थी। मेले में महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी करने के साथ चाट, जलेबी व जादू का आनन्द लिया।

Comments
Post a Comment