जौनपुर : राष्ट्रीय कैंसर दिवस पर डीएम ने दिलाई शपथ, मधुमेह जांच शिविर आयोजित, हुई 67 लोगों की जांच
जेसीआई शाहगंज संस्कार व तहसील प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
कैंसर दिवस पर मंगलवार को जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने तहसील सभागार में तहसील कर्मियों, अधिवक्ताओं, फरियादियों आदि को धूम्रपान न करने की शपथ दिलाई।
जेसीआई शाहगंज संस्कार व तहसील प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुंबई टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल की रिपोर्ट के अनुसार जौनपुर जिले में सर्वाधिक कैंसर के रोगी हैं। जिसका प्रमुख कारण जौनपुर का दोहरा और युवाओं में तेजी से बढ़ता गुटखे, सुरती, सिगरेट आदि का शौक है। जो पहले शौक होता है लेकिन उसमें पाए जाने वाले जहरीले तत्व आदमी को नशे का आदी बना देते हैं। जिसमें आदमी कैंसर जैसे गम्भीर रोग की चपेट में आकर जीवन की कमाई और जमीन बेचकर इलाज करता है और अंत में अपना जीवन भी नही बचा पाता। डीएम के समक्ष सात लोगों ने आज से ही धूम्रपान त्यागने का संकल्प लिया। उन्होंने सभी को नशे से दूर रहने व लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
वहीं जेसीआई शाहगंज संस्कार ने सर सैय्यद हॉस्पिटल इराकियाना में मधुमेह जांच शिविर का आयोजन किया। जिसमें माडर्न पैथालॉजी लैब के डा. मो. अरशद ने 67 लोगों की जांच की। जिसमें 14 लोग मधुमेह से ग्रस्त पाए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार अभिषेक राय, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार दुबे, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजदेव यादव, रामजी चौरसिया, उमेन्द्र सिंह, राजीव सिंह, शारिक खान, गुलाम साबिर, डा. अतुल यादव, पंकज सिंह, सरफराज समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment