जौनपुर : 2 लाख नकदी समेत पांच लाख के गहने को चोरों ने किया पार
खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24x7
क्षेत्र अंतर्गत बड़नपुर गांव में गुरुवार की रात घर के पीछे से जंगला तोड़ भीतर घुसे चोर कमरे में रखा बाक्स और सूटकेस उठा ले गये। जिसे सुबह घर से सौ मीटर दूर टूटे हालत मे बरामद किया गया। गृहस्वामी का आरोप है कि उसमे रखा दो लाख नकदी सहित पांच लाख के गहने चोर उठा ले गये। मौके पर डाग स्क्वायड भी बुलाया गया। वह भी कोई सुरागशी नहीं कर सका। पुलिस चोरी की घटना तो सत्य मान रही है। लेकिन चोरी गयी रकम और गहनों को लेकर संदेह जता रही है।
बड़नपुर गांव निवासी दो सगे भाई मनोज सिंह खेतासराय थाना क्षेत्र के नौली बाजार में किराने की दुकान चलाते है। वहीं पत्नी बच्चों के साथ रहते हैं। दूसरा भाई संतोष सिंह परिवार के साथ लखनऊ में रहते है। घर पर बृद्ध माता पिता ही रहते है। गुरूवार की रात जंगला तोड़ घर में घुसे चोर एक बाक्स और सूटकेस उठा ले गये। भोर में लोगों ने खड़जे पर टूटा बाक्स और छितर-बितर कपड़े देख अपने अपने घरों की तरफ भागे। मनोज सिंह के घर का जंगला टूटा देख उनकी माता सवितरा देवी भीतर कमरे में देखी तो बाक्स और सूटकेस नदारद था। भागकर मौके पर पहुँची तो कपड़ों को पहचान गयी।
पीड़ित मनोज का आरोप है कि उसमें रखा दो लाख नकदी, दो सोने का हार, तीन चेन, पांच अंगूठी और मंगलसूत्र चोर उठा ले गये। घटनास्थल पर डाग स्क्वायड भी बुला लिया गया। जो घर से टूटे बाक्स के पास से लगभग पांच सौ मीटर नहर तक जाकर वापस लौट आया। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है। आलमारी और उसका लाकर महफूज था। उसे गृहस्वामी द्वारा खुद चाभी लगाकर खोला गया। इतनी नकदी और गहने घर में आलमरी रहते बाक्स या सूटकेस में रखा जाना संदेह प्रकट कर रहा है। दूसरा घर की महिलाएं भी अपने पतियो के साथ ही रहती है। घर पर इतने गहने और नगदी रखा जाना यह संदिग्ध लगता है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Comments
Post a Comment