जौनपुर : आरपीएफ ने मानव तस्करी के लिए ले जाई जा रहीं तीन किशोरियों संग दो युवकों को पकड़ा

जौनपुर : आरपीएफ ने मानव तस्करी के लिए ले जाई जा रहीं तीन किशोरियों संग दो युवकों को पकड़ा


मालदा टाउन से दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से ले जाई जा रही थीं नाबालिग छात्राएं


शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
                   मालदा टाउन से दिल्ली जा रही फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 13983 से बहला फुसलाकर कर ले जाई जा रही तीन नाबालिग छात्राओं संग दो युवकों को आरपीएफ की टीम ने ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया। रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल मामला मानव तस्कर जुड़ा बताया जाता है।

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव को वाराणसी के उच्चाधिकारियों से सूचना मिली कि मालदा से दिल्ली जा रही फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से कुछ लड़कियों को ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुए आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार यादव अपने उप निरीक्षक आरएल किस्कू, कांस्टेबल दिलीप सिंह व संजय के साथ स्टेशन पर ट्रेन की जांच में जुट गए। कमियाबी न मिलने पर टीम ट्रेन में सवार होकर पड़ताल करने लगी। इंजन से तीसरे नंबर की जनरल बोगी में आरपीएफ को संदिग्ध लड़कियां मिलने पर पुलिस ने सघन जांच के दौरान दो युवकों को भी हिरासत में लिया।

किशोरियां इटहर गर्ल्स हाईस्कूल मालदा की हाईस्कूल की छात्राएं हैं। जिनमें प्रिया दास (17) पुत्री जतिन दास निवासी पाइक पारा, जश्मीन परवीन (16) पुत्री जफरुद्दीन निवासी बिधिवली, शर्मिला बर्मन (15) टनका बर्मन निवासी रानीपुर, थाना इटहर जिला दिनाजपुर पश्चिम बंगाल व आरोपी युवकों में पप्पू सरकार पुत्र उज्ज्वल सरकार, प्रणौ सरकार पुत्र विजय सरकार निवासी जोगनी ग्राम, थाना मनिक चौक जिला मालदा पश्चिम बंगाल से पुलिस पूछताछ कर रही है। नाबालिग लड़कियों व आरोपियों की बरामदगी की सूचना पश्चिम बंगाल की मालदा पुलिस को दे दी गई। बंगाल पुलिस मलदा से शाहगंज के लिए रवाना हो चुकी है। आरोपियों का पुलिस को दिया जा रहा गोलमोल जवाब मानव तस्करी के अंदेशा बता रहा है।

Comments