अयोध्या : देश भर में सेक्युलर नेता मुसलमानों को डराते रहे, अयोध्या के मुसलमान मुस्कुराते रहे, अभूतपूर्व स्वागत किया रामभक्तों का
अयोध्या : देश भर में सेक्युलर नेता मुसलमानों को डराते रहे, अयोध्या के मुसलमान मुस्कुराते रहे, अभूतपूर्व स्वागत किया रामभक्तों का
अयोध्या।
स्पेशल डेस्क
तहलका 24x7
धर्मसभा के लिए अयोध्या पहुंचे रामभक्तों का मुस्लिम समुदाय ने स्वागत किया है। मुस्लिम मंच से जुड़े लोगों ने धर्मसभा मार्ग पर रामभक्तों पर फूल बरसाए। राममंदिर समर्थक बबलू खान के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोग रामभक्तों का स्वागत कर रहे हैं। धर्मसभा में किन्नर भी पहुंचे हैं। सरकार से जल्द मंदिर बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब इस पर और इंतजार नहीं कर सकते। अयोध्या में बढ़ रही भीड़ पर बाबरी मामले के पक्षकार इकबाल अंसारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतुष्टि जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि अगर 1992 में इस तरह की सुरक्षा होती तो बाबरी का विध्वंस न होता।
अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उद्घव ठाकरे ने कहा कि राममंदिर को लेकर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। अब हिंदू ताकतवर हो गया है और अब मार नहीं खाएगा। उन्होंने कहा कि अगर मंदिर न बना तो 2019 में सरकार नहीं बनेगी। इस मुद्दे पर अगर सरकार अध्यादेश लाएगी तो शिवसेना उसका पूरा समर्थन करेगी। वहीं, उत्तर भारतीयों पर महाराष्ट्र में हो रहे हमले पर ठाकरे ने ऐसी बातों से इनकार किया है। ठाकरे ने ये भी कहा कि सरकार बने या न बने लेकिन राम मंदिर जरूर बनेगा। अयोध्या में मौजूद विश्व हिंदू परिषद व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता शिवसेना की तर्ज पर "पहले मंदिर फिर सरकार, हर हिंदू की यही पुकार" के नारे लगा रहे हैं।
धर्मसभा के लिए उमड़ी भीड़ और सुरक्षा प्रबंध पर डीआईजी अयोध्या ओमकार सिंह ने कहा कि धर्मसभा के लिए सभी पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। हमने पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान मुहैया करवा दिया है। लोग आसानी से आ जा रहे हैं। रामलला के दर्शन के लिए भी मार्ग तय कर दिया गया है। हर हालात से निपटने के लिए प्रबंध कर लिया गया है। अयोध्या में सुबह से ही रामभक्तों का रेला हाइवे के रास्ते नगर में घुसने लगा। एसपी सिटी अनिल सिसोदिया और एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय हाईवे पर राम भक्तों को रोकने की असफल कोशिश कर रहे थे। उनके साथ आरएएफ के जवान मुस्तैद रहे। लेकिन राम भक्त अपने ही रौ में सीधे रामलला का दर्शन करने की मांग पर अड़े रहे।
बूथ नंबर 4 से जालौन, कानपुर, झांसी, आगरा व इटावा के रामभक्तों की भीड़ अयोध्या में दाखिल होने लगी। नया घाट से बस्ती, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया, कौशांबी, श्रावस्ती व बहराइच जिलों की भीड़ नगर में सुबह से ही छा गई। सुबह 8:00 बजे तक अयोध्या के भीतर करीब 25,000 राम भक्त गलियों और सड़कों पर नाचते-गाते, नारे लगाते दिख रहे थे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से बाबर के खिलाफ नारे बोले जाते रहे। जबकि महिलाएं जय श्री राम का नारा लगा रहीं थीं। बुजुर्गों की टोली भी उनके सुर में सुर मिला रही थी। पुलिस ने जहां भी रामभक्तों को रोकने की कोशिश की। वहां रामभक्त हर हाल में रामलला के दर्शन की मांग कर आगे बढ़ते जाते। हाल ये रहा कि सुबह 8:30 बजे तक ही रामलला दर्शन मार्ग पर एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई थी।

Comments
Post a Comment