अम्बेडकर नगर : व्यापारी की सक्रियता से फर्जी दारोगा चढ़ा पुलिस के हत्थे
अम्बेडकर नगररवि धौरुवी
तहलका 24x7
जनपद के राजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर चौराहे पर गुरुवार को अंशु मोबाइल सेंटर पर पहुंचे पुलिस वर्दी में एक व्यक्ति ने दुकानदार पर जीएसटी रजिस्ट्रेशन न होने पर धौंस जमाकर 4000 रुपये वसूल लिया। संदेह होने पर व्यापारी ने उक्त सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जाल बिछा कर फर्जी दारोगा को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक पदमपुर चौराहे पर अंशु मोबाइल सेंटर के नाम से एक दुकान है। बताया जाता है कि दुकानदार केशव से फर्जी दरोगा ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन न होने का धौंस देकर दस हजार की डिमांड की। दुकानदार ने इतने पैसे देने से इनकार कर दिया। बाद में 4 हजार देकर दुकानदार ने इस फर्जी दरोगा से अपनी जान छुड़ायी। संदेह होने पर भुक्तभोगी ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी जिससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी अंबेडकर नगर के निर्देश पर राजे सुल्तानपुर पुलिस ने जाल बिछा कर बाइक से भाग रहे फर्जी दरोगा को धर दबोचा।
पकड़ा गया युवक विजय भारती पुत्र हंसराज निवासी भगतपुर थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ का रहने वाला है। फर्जी दरोगा के कब्जे से पुलिस वर्दी, बैज, बिल्ला, नेमप्लेट, आई कार्ड, बाइक, टोपी, वसूली का नगद चार हजार बरामद किया गया है। पुलिस से पूछताछ में उसने बताया कि नौकरी न मिलने से परेशान था उसके बाद पुलिस की वर्दी सिलवाकर दुकानदारों से वसूली करने की जुगत भिड़ाया था लेकिन पकड़ लिया गया।



Comments
Post a Comment