जौनपुर : चोरों ने आटो पार्ट्स की दुकान का ताला चटका कर किया 40 हजार नकदी समेत ढ़ाई लाख का सामान पार
चोरों ने दिया कोतवाली पुलिस को फिर से चुनौती, ताबड़तोड़ चोरियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल
शाहगंज।रवि शंकर वर्मा
तहलका 24x7
अपराध मुक्त, भयमुक्त व सुशासन का दम भरने वाली योगी सरकार में अपराध का विकास अपने चरमोत्कर्ष पर है। अपराधियों को सूबे से बाहर चले जाने के योगी फरमान को लगता है अपराधियों ने दिल पर ले लिया तभी तो अपराधी नित्य नई चुनौतियां पुलिस के सामने पेश कर रहे हैं और पुलिस असहाय नजर आ रही है। क्षेत्र में हो रही ताबड़तोड़ चोरियों से क्षेत्र वासियों में दहशत का माहौल है। बीते बुधवार से अब तक क्षेत्र में तीन स्थानों पर बड़ी चोरियां हो चुकी है और कोतवाली पुलिस महज आवश्यक कार्यवाही की खानापूर्ति कर अपने जिम्मेदारियों की इतिश्री कर शांत है।
बीती रात चोरों ने रोडवेज स्थित आटो पार्ट्स की दुकान व उससे सटे गोदाम को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के कैश काउण्टर से 40 हजार नगदी समेत ढ़ाई लाख से अधिक का माल पार कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नगर के पश्चिमी कौड़ियां मोहल्ला निवासी संदीप बरनवाल की रोडवेज के बगल जायसवाल कटरा में आटो पार्ट्स की दुकान व उसी से सटा गोदाम है। शनिवार की देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुसे जहां कैश काउण्टर में रखा 40 हजार नगदी पार कर दिया। बगल के गोदाम की ग्रिल तोड़कर चोरों ने ढ़ाई लाख रुपए से अधिक का कीमती सामान पार कर फरार हो गये। सुबह पहुंचे दुकानदार ने टूटा ताला देखकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताते चलें की लगातार हो रही चोरियों और लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया। बीते बुधवार की रात नगर के सेंट थॉमस रोड स्थित एक अध्यापक के घर से चोरों ने नकदी जेवर समेत लगभग डेढ़ लाख रुपये पार किया था। वहीं शुक्रवार की देर रात क्षेत्र के अर्गुपुर कलां अंतर्गत धरौहरा पुरवां में नकाबपोश बदमाशों ने असलहे से आतंकित कर महिला व बच्चों को बंधक बना 32 हजार नकदी समेत 3 लाख रुपये के जेवर की लूट कर फरार हो गए।


Comments
Post a Comment