जौनपुर : अधिकारियों की उदासीनता व जागरूकता के अभाव में प्रतिदिन सड़कें हो रही रक्त रंजित

जौनपुर : अधिकारियों की उदासीनता व जागरूकता के अभाव में प्रतिदिन सड़कें हो रही रक्त रंजित

सड़कों पर सांकेतिक बोर्ड व जेब्रा लाइन न होने से लोग काल के गाल में समा रहे

सबरहद स्कूलों के पास सांकेतिक बोर्ड ,स्पीड ब्रेकर न होने से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

शाहगंज।
फूलकुमार प्रजापति
तहलका 24x7
                     कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है परंतु प्रशासन की तरफ से कोई सुध लेने वाला नहीं है यही कारण है कि अब जनता सड़क दुर्घटनाओं के बाद क़ानून हाथ में लेने लगी है क्योंकि ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों पर हो रही दुर्घटनाओं के बारे में बार बार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी प्रशासनिक अमला नहीं सतर्क हुआ।
उल्लेखनीय है कि कस्बा से जुड़ने वाली सभी सड़कें ज्यादातर नयी व गड्ढ़ा मुक्त बन चुकी है ऐसे में सड़कों पर चलने वाले वाहनों की गति सीमा पर कोई लगाम नहीं है और न ही सड़कों पर कोई सांकेतिक बोर्ड है। स्कूलों व भीड़ भाड़ वाले इलाकों में स्पीड ब्रेकर नहीं होने से वाहन चालक व अप्रशिक्षित वाहन चालक दोनों बेख़ौफ़ हो वाहनों को तीव्र गति से चलाते है और ज़रा सी चूक के चलते लोगों की जीवन मौत के गाल में समा जा रहा है।
नगर से होकर जाने वाली तीन राज्य मार्गों पर कही भी यातायात पुलिस व पीडब्ल्यूडी की तरफ से सड़कों पर क्रॉस चिन्ह नहीं लगे है और न ही सड़क मार्ग गाइड लाइन के बोर्ड लगे है। ऐसे में ज्यादातर वाहन चालक तेज रफ़्तार से फर्राटा भर रहे है। चर्चा का विषय है कि प्रतिदिन हो रहे सड़क दुर्घटना व सड़क सुरक्षा के प्रति प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की जागरूकता कार्यक्रम नहीं आयोजित कर रही है।

# जाने अपने नगर के आस पास खूनी प्वाइंट को



 # लुम्बिनी दुद्धी मार्ग पर एराकियाना पेट्रोल पम्प से सिधाई मोड़ तक आये दिन भीषण एक्सीडेंट होता है इसी मार्ग के चिरैया मोड़ पर भी एक्सीडेंट होता है यहाँ भी कई जाने जा चुकी है

इलाहाबाद गोरखपुर राज्य मार्ग पर भी आये दिन दुर्घटना होना तय रहता है इस मार्ग की सबसे खास बात है कि निजमापुर कटहिया पुलिया काफी सकरी है जिसके चलते उक्त पुलिया खून की प्यासी रहती है यहाँ आये दिन दुर्घटना होना आम बात हो गयी है शाहगंज की तरफ अक्खीपुर गाँव को जोड़ने वाली तिराहे पर भी आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती है

# लखनऊ बलिया राज्य मार्ग पर नई आबादी तिराहा, बड़ौना मोड़, बड़ा गांव मंदिर तिराहा, सरायमोहिउद्दीनपुर के जंगीपुर गाँव जाने वाली मोड़ पर आये दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है।

# नगर के भादी चुंगी, दादर तिराहा एचडीएफसी मोड़, पावर हाउस, मलमलवा पुल पर आये दिन सड़क दुर्घटना में लोग घायल हो रहे है और इन्ही ख़ूनी प्वाइंटों पर मौके पर ही कुछ लोगों की मौत भी हो चुकी है।

नगर क्षेत्र में ऐसे कई दुर्घटना बाहुल्य स्थान है जहाँ प्रतिदिन दुर्घटनाएं होती रहती है परंतु प्रशासनिक अधिकारी मौन धारण किये हुए है।

Comments